मनजोत कालरा को अब किसी परिचय की जरूरत नहीं. अंडर 19 विश्व कप के मैन ऑफ द टूर्नामेंट मनजोत ने फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार शतक (नाबाद 101) लगाकर भारत को रिकॉर्ड चौथी बार खिताब दिलाया था. फाइनल में खेली गई अपनी पारी को लेकर मनजोत ने कहा कि उनका लक्ष्य अंत तक टिके रहकर टीम को जीत दिलाना था.
भारत के लिए खेलना है

क्रिकेट खेलने वाले सभी खिलाड़ियों की तरह दिल्ली के रहने वाले मनजोत का सपना भी भारतीय टीम की नीली जर्सी पहनना है, मनजोत भी इसी सपने के लिए रात-दिन एक करने को तैयार हैं. मनजोत ने कहा, “मेरा काम है अच्छा करना और मौका मिले तो उसको भुनाना. सबका लक्ष्य होता है वो ‘ब्लू जर्सी’ पहनना, सीनियर टीम में खेलना. मुझे जब भी मौका मिलेगा तो मैं अपना काम करूंगा. मैं इसके लिए कड़ी से कड़ी मेहनत कर रहा हूं.’

भारत के इन युवाओं को विश्व विजेता बनाने में टीम के कोच और पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ का बहुत बड़ा हाथ रहा है। मनजोत से जब पूछा गया कि फाइनल से पहले कोच ने टीम से क्या कहा था तो उन्होंने कहा, “राहुल सर ने यही कहा था कि अपने ऊपर दबाव नहीं लेना है और बाकी मैचों की तरह की इसे खेलना है. बिना किसी दबाव के.”