दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ 3 मैचों की टी20 श्रृंखला के लिए अपनी 14 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। नियमित कप्तान फाफ डू प्लेसी की गैरमौजूदगी में ऑलराउंडर डेपी डुमिनी टीम की कप्तानी करेंगे। वहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहम टेस्ट श्रृंखला को देखते हुए टीम के सभी बड़े गेंदबाजों को आराम दिया गया है। मोर्ने मोर्कल, कगिसो रबाडा, लुंगी एन्गिडी जैसे गेंदबाज टी20 टीम में नहीं शामिल किए गए हैं। दोनों टीमों के बीच 18 फरवरी से टी20 सीरीज की शुरुआत होगी। पहला मैच जोहान्सबर्ग के वांडरर्स मैदान पर खेला जाएगा।
टीम के स्टार खिलाड़ियों को दिया गया है आराम

बल्लेबाजो में एडेन मार्कराम और हाशिम अमला को आराम दिया गया है। चोट के बाद चौथे मैच से वापसी करने वाले एबी डीविलियर्स को टी20 टीम में शामिल किया गया है। टीम में तीन नए खिलाड़ियों को शामिल किया गया है जिसमें क्रिस्चियन जोनकर, हेनरिक क्लासेन और जूनियर डाला हैं। रैम स्लैम चैलेंज प्रतियोगिता में इन खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया था इसी वजह से इन्हें टीम में जगह मिली है।
क्रिकेट साउथ अफ्रीका के राष्ट्रीय चयन समिति के संयोजक लिंडा जोंडी ने कहा कि भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के महज 5 दिनों के अंदर ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सनफ्वाइल टेस्ट सीरीज शुरु हो रही है। इसलिए लगातार क्रिकेट खेल रहे खिलाड़ियों को आराम देना जरुरी था।
टीम: जेपी ड्यूमिनी (कप्तान), फरहान बेहरादीन, जूनियर दाला, एबी डीविलियर्स, रीजा हेन्ड्रिक्स, क्रिस्टियान जोन्कर, हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर, क्रिस मॉरिस, डुएन पीटरसन, आरोन फांगिसो, एंडिल फैलुकवायो, तबरेज शम्सी, जे जे स्मट्स