भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव की गेंदों का सामना नहीं कर पा रही दक्षिण अफ्रीकी टीम के बल्लेबाज जेपी ड्युमिनी ने कहा है कि उन्हें इन दोनों स्पिनरों के खिलाफ नए सिरे से रणनीति बनानी होगी। तीसरे वनडे में जीत के लिये 304 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीकी टीम 40 ओवर में 179 रन पर ऑल आउट हो गई। इस दौरान चहल और यादव ने चार-चार विकेट लिए।
हमने निकलना होगा तोड़

ड्युमिनी ने कहा,
‘‘हममें से कई उनकी गुगली का सामना नहीं कर सके। उन्होंने इतनी अच्छी गेंदबाजी की कि हम अपना स्वाभाविक खेल नहीं दिखा पाए। हमें उनके खिलाफ नए सिरे से रणनीति बनानी होगी। उन्होंने हमें हर विभाग में कमतर साबित किया है।’’ ड्युमिनी ने कहा कि सीरीज में अभी तीन मैच बाकी है और वे चौथे मैच से पहले वो अपने प्रदर्शन पर गंभीर विचार करेंगे।
उन्होंने कहा,
‘‘एक योजना होना जरूरी है। हम चौथे मैच से पहले आत्ममंथन करेंगे। हम उनके स्पिनरों को नहीं खेल पा रहे हैं। हमें उनका तोड़ निकालना होगा। जब आप उनकी ढीली गेंदों को भी नहीं खेल पा रहे तो इसका मतलब है कि आप सहज नहीं हैं। एक बार सहज होने पर आप आत्मविश्वास के साथ खेल सकते हैं।’’
वो महान बल्लेबाजों में से एक है
भारतीय कप्तान विराट कोहली ने नाबाद 160 रन बनाए जो वनडे क्रिकेट में उनका 34वां शतक है। ड्युमिनी ने कहा कि कोहली अलग ही लीग में है और दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों को उसके बल्ले पर अंकुश लगाने के लिए अलग तरीके से सोचना होगा। उन्होंने कहा, ‘‘वो दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से है। आपको उसके खिलाफ एक भी मौका नहीं छोड़ना चाहिए। हमने मौके बनाए लेकिन उन्हें भुना नहीं सके।’