दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी जैक कालिस का मानना है कि भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली को मैदान पर अपने आक्रामक अंदाज में कुछ कमी लाने की जरूरत है. कालिस के मुताबिक, विराट का आक्रामक अंदाज उनके लिए कारगर साबित हो सकता है लेकिन हर बार यह उनकी टीम के लिए अच्छा साबित हो, यह जरूरी नहीं है.
उन्होंने कहा, ‘विराट कोहली मैदान पर आक्रामक अंदाज के लिए जाने जाते हैं और मुझे लगता है कि यह उनके खेल के हिसाब से सूट करता है लेकिन कप्तान के रूप में इस क्षेत्र में उन्हें थोड़ा ध्यान देने की जरूरत है. जिस तरह से यह उनके (विराट के) लिए काम करता है, विराट को यह देखना चाहिए कि क्या यह टीम के लिए भी कारगर है.’ दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि मुझे लगता है कि टीम लीडर के तौर पर विराट को अपनी आक्रामकता में कुछ कमी लानी चाहिए.
हाल में दिए इंटरव्यू में कही ये बात

42 वर्षीय कालिस ने अखबार Hindustan Times के साथ बातचीत करते हुए कहा, ‘विराट कोहली जुनून के साथ क्रिकेट खेलना पसंद करते हैं. जैसे-जैसे वे अनुभवी और उम्रदराज होते जाएगा, मैदान पर उनके आक्रामक अंदाज में कमी आती जाएगी.

वही उन्होंने कहा कि एक कप्तान के रूप में कई बार आपको हमेशा इस तरह आक्रामक रहने की जरूरत नहीं होती, जैसे कि विराट होते हैं. कप्तानी के लिहाज से वे अभी बेहद युवा है. मुझे विश्वास हैं कि उम्र के साथ वे इस मामले में परिपक्व हो जाएंगे और उनके आक्रामक अंदाज में कमी आती आएगी.’ इसके साथ ही कालिस यह जोड़ने से नहीं चूके कि विराट अपने और टीम के खेल को लेकर बेहद जुनूनी हैं और उन्हें ऐसा करते देखकर अच्छा लगता है.