भारतीय टीम विराट की अगुआई में वनडे मैचों की सीरीज में लगातार जीत रही है। टीम ने द. अफ्रीकी धरती पर वनडे में इतिहास रचा। टेस्ट में अलग अंदाज में दिख रही द. अफ्रीकी टीम वनडे में भारत के विरुद्ध बेहद कमजोर टीम साबित हो रही है लेकिन इन सब बातों के बीच भारतीय टीम के ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा का फॉर्म टीम के लिए चिंता का विषय जरूर है। रोहित द. अफ्रीकी दौरे पर लगातार फेल हो रहे हैं और विरोधी टीम का ये तेज गेंदबाज बार-बार उन्हें आउट कर रहा है और रोहित लगातार उनका शिकार बनते जा रहे हैं।
रबादा का तोड़ नहीं है रोहित के पास

द. अफ्रीका में वनडे में रोहित का रिकॉर्ड काफी खराब है और ये सिलसिला खत्म होता फिलहाल तो नहीं दिख रहा। रोहित लगातार प्रोटीज के खिलाफ फ्लॉप हो रहे हैं और अपने करियर में वनडे में तीन दोहरा शतक लगाने वाले रोहित कुछ कर भी नहीं पा रहे। रोहित ने प्रोटीज के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैच खेले और इसके बाद उन्होंने अब तक तीन वनडे मैच खेले हैं। यानी इन पांच मैचों में रोहित को रबादा ने 5 बार अपना शिकार बनाया है। रोहित ने अब तक रबादा की 82 गेंदों का सामना किया है जिसमें वो 5 बार आउट हुए हैं। वहीं उन्होंने दूसरे गेंदबाजों की 161 गेंदों का सामना किया है जिसमें वो सिर्फ 2 बार आउट हुए हैं।