भारतीय क्रिकेट टीम के धाकड़ बल्लेबाज युवराज सिंह ने अपने संन्यास को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा है कि वो अपने शर्तों पर ही संन्यास लेंगे और भारतीय टीम में वापसी की उम्मीद भी उन्होंने नही छोड़ी है। युवराज ने ये भी कहा कि वो 2-3 सीजन तक आईपीएल भी खेलते रहेंगे।
मैं अभी और खेलना चाहता हूँ

स्पोर्टस्टार लाइव से इंटरव्यू के दौरान युवराज ने कहा कि मैं किसी पछतावे के साथ संन्यास नहीं लेना चाहता। मैं कुछ साल और खेलने के बारे में सोच रहा हूं। मैं तभी संन्यास लूंगा जब मुझे लगेगा कि क्रिकेट छोड़ने का यही समय है। युवराज ने कहा कि जब मुझे लगेगा कि मैंने अपना बेस्ट क्रिकेट खेल लिया है और इससे ज्यादा अच्छा मैं नहीं खेल पाउंगा तब मैं संन्यास ले लूंगा। मैं इसलिए अभी भी खेल रहा हूं क्योंकि मैं अभी क्रिकेट का पूरा लुत्फ उठा रहा हूं। मैं केवल भारतीय टीम या आईपीएल में खेलने के लिए नहीं क्रिकेट खेल रहा हूं। हालांकि निश्चित तौर पर लक्ष्य भारतीय टीम के लिए ही खेलना होता है। मुझे लगता है कि मैं अभी 2 या तीन आईपीएल और खेल सकता हूं।
मुझे कैंसर से पीड़ित लोगों की मदद करनी है

युवराज ने आगे कहा कि मेरा अभी तक का सफर अच्छा रहा है। मैं मुश्किलों से नहीं डरा और विपरीत परिस्थितियों में भी हिम्मत नहीं हारी। युवराज ने कहा कि संन्यास के बाद मैं उन लोगों का सहारा बनना चाहता हूं जो कि कैंसर से जूझ रहे हैं या फिर अपने जीवन में किसी और समस्या से परेशान हैं। मैं चाहता हूं लोग मुझे उस इंसान के तौर पर जाने जिसने कभी हार नहीं मानी। चाहे मैं भारत के लिए खेलूं या ना मैदान पर हमेशा मैं अपना 100 प्रतिशत दूंगा।