कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय महिला टेबल टेनिस खिलाड़ी गोल्ड जीतने से चूक गईं। मनिका बत्रा और मौमा दास टीटी के महिला डबल्स में फेंग तियानवेई एवं यू मेंग्यू की जोड़ी से हार गईं। इसी के साथ दोनों ने रजत पदक जीता जो खेल के इस वर्ग में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
देश को ऐतिहासिक जीत दिलाने वाली मनिका आज डबल्स में वैसा खेल नहीं दिखा पायीं। भारतीय जोड़ी ने सिंगापुर की खिलाड़ियों को टक्कर देने की कोशिश की लेकिन उन्नीस ही साबित हुई। तियानवेई और मेंग्यू ने भारतीय जोड़ी को 11-5, 11-4, 11-5 से शिकस्त दे दी।
भारतीय महिला टीटी टीम पिछले चार राष्ट्रमंडल खेलों में फाइनल में पहुंचने में नाकाम रही थी,रजत पदक भी भारतीय टीम के लिए एक शानदार सफलता है। 2010 के दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में महिला डबल्स में भारत ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था,जब मौमा और पौलमी घटक ने कांस्य जीता था। कांस्य पदक के लिए हुए मुकाबले में भारत की सुर्तिथा मुखर्जी और पूजा सहस्रबुद्धे की जोड़ी मलेशिया की यिंग हो एवं कैरेन लिन से 13-15, 7-11, 11-8, 7-11 से हार गयी।