
भारतीय तीरंदाजी टीम को फ्लाइट की उड़ान में देरी का खामियाजा भुगतना पड़ा है। वह बीते 23 अप्रैल से कोलंबिया के मैडलिन में शुरू हुए तीरंदाजी विश्वकप में शामिल नहीं हो सकी। टीम दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंची जरूर, लेकिन उड़ान में देरी की वजह से वह रवाना नहीं हो सकी। ऐसे में टीम पुणे स्थित अपने कैंप को वापस चली गयी। इस तरह से भारत ने तीरंदाजी विश्व कप में पदक जीतने का बड़ा मौका गंवा दिया।
फ्लाइट न पकड़ पाने की स्थिति में इस यात्रा को ही रद्द करने का फैसला ले लिया गया। तीरंदाजी विश्व कप के लिए भारत की ओर से 23 सदस्यों वाली टीम रवाना हो रही थी, मगर इन सभी को तब निराश होना पड़ा, जब एम्सटर्डम वाली फ्लाइट तीन घंटे से ज्यादा देर हो गई। इस सूरत में कोलंबिया की राजधानी बगोटा के लिए जो कनेक्टिंग फ्लाइट थी, उसे पकड़ना बिल्कुल भी संभव नहीं था।
इस परिस्थति में आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने यह निर्णय लिया कि इस ट्रिप को ही अब रद्द कर दिया जाए, क्योंकि वहां समय पर पहुंचना संभव ही नहीं था। मीडिया में ऐसी खबरें आ रही हैं कि पाकिस्तान के ऊपर से विमानों की उड़ान पर प्रतिबंध लगा हुआ है। ऐसे में एमस्टर्डम पहुंचने में उन्हें हर हाल में देर हो जाती, जिससे कनेक्टिंग फ्लाइट नहीं पकड़ी जा सकती थी।


