
महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में चेन्नई सुपर किंग्स का विजय रथ रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है। बुधवार को जब हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में चेन्नई की टीम इस बार टूर्नामेंट में पहली बार सनराइजर्स हैदराबाद के सामने होगी तो उसकी नजर एक और जीत पर होगी, ताकि वह अंक तालिका में पहले पायदान पर ही बना रहे और प्ले ऑफ में अपनी दावेदारी सुरक्षित कर ले।

दूसरी ओर सनराइजर्स हैदराबाद की कोशिश होगी कि उसने जो अब तक लगातार तीन मैच हारे हैं, उसके बाद इस मैच को जीतकर वह शीर्ष चार में अंक तालिका में स्थान बना ले। घरेलू मैदान होने के बावजूद हैदराबाद का प्रदर्शन यहां ज्यादा अच्छा नहीं कहा जा सकता है। आईपीएल के इस सत्र में इस मैदान पर हैदराबाद की टीम ने 4 मुकाबले खेले हैं, लेकिन इनमें से केवल 2 में ही उसे जीत मिल पाई है।
सबसे बड़ी बात है कि पलड़ा चेन्नई का ही भारी नजर आता है। इसकी वजह यह है कि आईपीएल में ये दोनों टीमें 11 बार आमने-सामने हो चुकी हैं, लेकिन इनमें से 9 बार चेन्नई जीत हासिल करने में कामयाब हुई है, जबकि हैदराबाद को केवल दो मैचों में ही सफलता मिल पाई है। हैदराबाद के लिए एक अच्छी बात यह है कि उनके सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर और जॉनी बेयरस्टो यदि चल निकलते हैं तो सब कुछ उनके पक्ष में होता है, लेकिन इन दोनों के ना चल पाने की स्थिति में बाकी बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के कारण हैदराबाद के हाथों से मैच निकल जाता है।

इसके अलावा गेंदबाजी में हैदराबाद की टीम थोड़ी ठीक-ठाक नजर आती है। हालांकि अभी भी उनके गेंदबाजों संदीप शर्मा, सिद्धार्थ कौल, भुवनेश्वर कुमार और राशिद खान को बेहतर प्रदर्शन करने की जरूरत है।

यदि चेन्नई की बात करें तो इसमें कोई शक नहीं कि यह टीम काफी तरह से संतुलित नजर आती है। खासकर महेंद्र सिंह धोनी से लेकर शेन वॉटसन, सुरेश रैना, फाफ डुप्लेसिस और इमरान ताहिर जैसे खिलाड़ी खतरनाक फॉर्म में नजर आ रहे हैं, जो कि विरोधी टीम पर भारी पड़ सकते हैं। चेन्नई उम्मीद करेगी कि दीपक चाहर और हरभजन सिंह भी बढ़िया प्रदर्शन करें, ताकि हैदराबाद के सलामी बल्लेबाजों पर जल्द पकड़ बनाई जा सके।