
मोहाली में एक बार फिर से भाग्य ने राजस्थान रॉयल्स का साथ नहीं दिया और लगातार दो मैच हार चुके किंग्स इलेवन पंजाब ने मंगलवार को यहां हुए आईपीएल के 32वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को 12 रनों से पटखनी दे दी। टॉस तो राजस्थान ने जीता था, लेकिन उसने बल्लेबाजी के लिए पहले पंजाब को आमंत्रित किया। पंजाब ने इसका पूरा लाभ उठाते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर राजस्थान के सामने 183 रनों का विशाल लक्ष्य रख दिया। राजस्थान की टीम 7 विकेट खोकर 20 ओवर में 170 रन बनाने में ही कामयाब हो सकी।
राजस्थान की टीम को 8 मैचों में से 6 में मिली हार के बाद अंक तालिका में उसका स्थान 7वां ही रहा, लेकिन इस जीत के बाद किंग्स इलेवन पंजाब अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया। पंजाब के अब तक नौ मैच हो चुके हैं और इस मैच मैं उसे पांचवीं जीत हासिल हुई है। पंजाब की ओर से सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल ने 22 गेंदों पर 30 रनों का योगदान दिया।

मयंक अग्रवाल ने भी धुआंधार बैटिंग की और 12 गेंदों पर 26 रन बनाए। इसके बाद केएल राहुल की लाजवाब जारी रही। उन्होंने शानदार अर्धशतक लगाया और जोफ्रा ने उन्हें जयदेव उनादकट की गेंद पर कैच पकड़ कर पवेलियन 52 रनों पर लौटा दिया। मिलर ने अच्छी बल्लेबाजी की और केवल 27 गेंदों पर 40 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 2 छक्के और 2 चौके लगाए।

इस हार के बाद मोहाली में राजस्थान का सूखा जारी रहा। साल 2013 में वह अंतिम बार इस मैदान पर जीता था। पंजाब के कप्तान रविचंद्रन अश्विन ने लाजवाब गेंदबाजी का प्रदर्शन किया और वह 24 रन देकर एक विकेट झटकने में कामयाब रहे। सबसे बड़ी बात यह रही कि वे काफी हद तक रनों पर अंकुश लगा पाने में कामयाब रहे। वैसे उन्होंने 4 गेंदों पर उन्होंने धुआंधार 17 रन भी बनाए और आउट नहीं हुए। अपने ऑलराउंडर प्रदर्शन के लिए अश्विन को मैन ऑफ द मैच का खिताब भी दिया गया।

राजस्थान की ओर से सर्वाधिक 50 रन राहुल त्रिपाठी ने 35 गेंदों का सामना करते हुए बनाए। संजू सैमसन ने 21 गेंदों पर 27 रनों का योगदान दिया, जबकि बटलर 17 गेंदों पर 23 रन बनाकर आउट हुए। अजिंक्य रहाणे ने 21 गेंदों पर 26 रनों की पारी खेली। श्रेयस तो अपना खाता तक नहीं खोल सके।