बीसीसीआइ अपना मुख्यालय मुंबई के प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम से हटाकर बेंगलुरु ले जा सकता है। अगले कुछ वर्षो में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के पूरी तरह तैयार होने के बाद ऐसा संभव हो सकता है। बीसीसीआइ को बेंगलुरु में अपनी जमीन मिल गई है। शहर के बाहरी हिस्से में 40 एकड़ के इस प्लॉट पर अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त एनसीए बनेगा। कई शीर्ष अधिकारियों का मानना है कि यह आदर्श स्थिति है कि मुख्यालय को मुंबई में क्रिकेट सेंटर के किराये के परिसर से स्थानांतरित किया जाए, क्योंकि नए एनसीए में ठहरने की पांच सितारा व्यवस्था भी होगी।
जल्द ही बना सकता है नया ऑफिस

कार्यवाहक अध्यक्ष सीके खन्ना ने बोर्ड के सभी सदस्यों को पत्र लिखकर उनके सुझाव मांगे हैं, जिससे कि संचालन संस्था की बैठक में इस पर चर्चा हो सके। खन्ना ने बोर्ड के सदस्यों को अपने पत्र में लिखा, ‘लोगों का मानना है कि बोर्ड के मौजूदा प्रशासनिक परिसर में पर्याप्त और उचित कार्यालय बुनियादी ढांचा नहीं है और विस्तार की संभावना भी नहीं है। मैं सुझाव देता हूं कि बीसीसीआइ ने एनसीए की अपनी सबसे महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए बेंगलुरु में 40 एकड़ जमीन ली है। यह हवाईअड्डे के करीब है। एनसीए के साथ इस जमीन का आदर्श इस्तेमाल किया जा सकता है।’ उन्होंने लिखा है कि बीसीसीआइ इस जमीन के एक हिस्से का इस्तेमाल नया आधुनिक मुख्यालय बनाने के लिए कर सकता है।