
ऋषभ पंत ने बीते सोमवार को जयपुर में राजस्थान राॅयल्स के खिलाफ जिस तरह से ताबड़तोड़ बिना आउट हुए 78 रन बनाये, उसके बाद से हर कोई उनका कायल हो गया है। दिल्ली कैपिटल्स टीम के सलाहकार और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली तो जीत के बाद खुशी से एकदम पागल ही हो गये। उन्होंने पंत को अपनी गोद में उठा लिया।
सौरभ गांगुली ने पंत को गोद में उठाकर जिस तरह से उनका हौंसला बढ़ाया और उनकी तारीफ की, उतनी ही तारीफ उन्होंने ट्वीटर पर भी करते हुए कहा कि पंत तुम इस चीज के हकदार हो। तुम वास्तव में एक बेहतरीन खिलाड़ी हो। गांगुली का चेहरा बता रहा था कि इस जीत ने किस तरह से उन्हें अंदर तक खुश कर दिया है।

गांगुली के अलावा एक और खिलाड़ी भी है, जो पंत के इस प्रदर्शन से इतना प्रभावित हो गया कि उसने कह दिया कि पंत तो दूसरे ग्रह से आये हुए लगते हैं। ये खिलाड़ी कोई और नहीं, बल्कि आॅस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूव कप्तान रिकी पोंटिंग हैं। उन्होंने पंत को लाजवाब खिलाड़ी बताया है। गौरतलब है कि पंत को विश्व कप के लिए भारतीय क्रिकेट टीम में जगह नहीं मिल पाई है और उन पर दिनेश कार्तिक का अनुभव भारी पड़ गया है, जिन्हें टीम में जगह मिली है।

