TATA IPL 2022: DC vs GT: दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटन्स के बीच आज आईपीएल 2022 का 10वां मैच खेला गया। ये दोनों टीम्स अपना पहला मैच जीतकर पूणे के मैदान में पहुंची थी। दिल्ली ने इस मैदान पर एक बार फिर टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया लेकिन गुजरात टाइटन्स ने उन्हें टॉस हारने के बावजूद हरा दिया।
गुजरात टाइटन्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 14 रनों से हरा दिया। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 171 रन बनाए। उनकी पारी में सबसे ज्यादा शुभमन गिल ने 46 गेंदों में 84 रनों की पारी खेली। उसके अलावा हार्दिक 31, डेविड मिलर 20 और राहुल तेवतिया ने 14 रनों की पारी खेली।
लड़खड़ाई दिल्ली की पारी
उसके जवाब में दिल्ली की टीम को शुरुआती झटके लगे और वो थोड़ी बैकफुट पर चली गई। हालांकि मिडिल ऑर्डर में ऋषभ पंत ने 29 गेंदों में 45 रन की पारी के बदौलत टीम को कुछ देर संभाल कर रखा। ललित यादव ने एक बार फिर 22 गेंदों में 25 रन की पारी खेलकर पंत के साथ टीम को जीत की तरफ ले गए लेकिन जीत नहीं दिला पाए। उनके पीछे रोवमन पॉवेल 20, अक्षर 8, शार्दुल 2, कुलदीप 14 रन ही बना पाए। इस तरह से दिल्ली की टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 157 रन ही बना पाई और गुजरात लगातार अपना दूसरा मैच भी जीत गई।
फर्ग्यूसन को मिला मैन ऑफ द मैच
गेंदबाजी में भी गुजरात की ओर से शमी ने एक बार फिर अच्छी गेंदबाजी की और 4 ओवर में 30 रन देकर 2 विकेट लिए। उनके अलावा हार्दिक और राशिद खान को एक-एक विकेट मिला जबकि लॉकी फर्ग्यूसन ने 4 ओवर में 28 रन देकर 4 विकेट लिए और गुजरात की जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
दिल्ली की ओर से मुस्तेफिजुर रहमान ने 3, खलील अहमद ने 2 और कुलदीप यादव ने एक विकेट लिया। आज के मैच में खास बात यह रही कि गुजरात ने रात के मैच में टॉस हारने और बाद में गेंदबाजी करने के बावजूद भी मैच जीत लिया। हालांकि इसका एक कारण यह भी है कि पूणे में खुला मैदान है, जिसकी वजह से वहां ओस कम गिरती है। लॉकी फर्ग्यूसन को उनकी धारदार गेंदबाजी की वजह से मैन ऑफ द मैच दिया गया।


