
हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में रविवार को खेले गये आईपीएल के 38वें मुकाबले में सलामी बल्लेबाजों डेविड वाॅर्नर और जाॅनी बेयरस्टाॅ की धमाकेदार पारी की बदौलत सनराजइर्स हैदराबाद ने एकतरफा मुकाबले में कोलकाता नाइटराइडर्स को नौ विकेट से धो डाला। इस तरह से कोलकाता जहां लगातार पांचवां मैच हार गया, वहीं हैदराबाद इस जीत के बाद अंक तालिका में चैथे स्थान पर पहुंच गया।
कोलकाता नाइटराइडर्स ने टाॅस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाये, जिसके जवाब में जाॅनी बेयरस्टो के नाबाद 80 और डेविड वाॅर्नर के धुआंधार 67 रनों की बदौलत हैदराबाद ने 30 गेंदें शेष रहते ही केवल वाॅर्नर का विकेट खोकर 161 रन बनाकर मुकाबले को जीत लिया। इस तरह से कोलकाता की ओर से क्रिस लिन की 51 रनों की पारी भी बेकार चली गयी।

पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरी कोलकाता की टीम को लिन और सुनील नारायण ने बहुत ही तेज शुरुआत दी और ऐसा लगा कि इस विकेट पर उनकी टीम 200 रनों के स्कोर को आसानी से पार कर जायेगी, मगर नारायण के आउट होने के बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते चले गये। नारायण को 8 गेंदों पर 25 रनों के व्यक्तिगत स्कोर पर खलील अहमद ने बोल्ड करके पैवेलियन लौटा दिया, तो उनके बाद बल्लेबाजी करने आये शुभमन गिल को ही भी अहमद ने ही विजयशंकर के हाथों केवल 3 रनों के व्यक्तिगत स्कोर पर ही कैच करा दिया।

पिछले मैच में धुआंधार बल्लेबाजी करने वाले नीतिश राणा का भी बल्ला जल्द ही भुवनेश्वर ने बैरिस्टो के हाथों विकेट के पीछे कैच कराकर खामोश कर दिया। दिनेश कार्तिक भी रन आउट होकर लौट गये। आरके सिंह ने 30 बनाये। रसेल ने दो छक्के तो जड़े, मगर भुवनेश्वर कुमार ने उन्हें राशिद खान के हाथों उन्हें कैच करा दिया। जवाब में बल्लेबाजी करने के लिए उतरे हैदराबाद की ओर से वाॅर्नर और बेयरस्टो ने कोलकाता के गेंदबाजों को धोकर रख दिया।

हालांकि कोलकाता ने कई कैच गंवाएं, लेकिन दोनों की धमाकेदार बल्लेबाजी जारी रही। इस मैच में डेब्यू करने वाले पृथ्वी राज ने आखिरकार शानदार तरीके से वाॅर्नर को गेंद धीमी रखकर बोल्ड कर दिया, लेकिन तब तक हैदराबाद आसान जीत के बेहद करीब पहुंच चुका था। वाॅर्नर 38 गेंदों पर 67 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 5 छक्के और 3 चैके लगाए। बेयरस्टो 43 गेंदों पर 80 रन बनाकर अंत तक डटे रहे और इस दौरान उन्होंने 4 छक्के और 7 चैके जड़े। केन विलियम्सन 9 गेंदों पर 8 रन बनाकर नाबाद रहे। इस तरह से इस सत्र में वाॅर्नर और बेयरस्टो के बीच 784 रनों की साझेदारी हो चुकी है। साथ ही बेयरस्टो के अब डेब्यू सीजन में सबसे ज्यादा 445 रन भी हो गये हैं।
