
अपने घरेलू मैदान ईडेन गार्डन्स में कोलकाता नाइटराइडर्स नितीश राणा और रसेल की अंत तक कि गयी कोशिशों के बावजूद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से 10 रनों से शुक्रवार का मुकाबला हार गया। इस तरह से राणा की 46 गेंदों पर 85 और आंद्रे रसेल की 25 गेंदों पर 65 रनों की धुआंधार पारी पर विराट कोहली का शतक और अंतिम क्षणों में मोइन अली की तूफानी पारी भारी पड़ गयी।
पहले बल्लेबाजी करने उतरे बेंगलुरु के अंतिम पांच ओवरों में 91 रन बन गए, जिसमें मोइन अली की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कोहली 4 छक्के और 9 चौके की मदद से केवल 58 गेंदों पर 100 रनों की पारी खेलने में कामयाब रहे, जबकि मोइन अली ने 6 छक्कों और 5 चौकों की मदद से केवल 28 गेंदों पर 66 रन ठोंक दिए। इस तरह से बेंगलुरु 4 विकेट के नुकसान पर 213 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने में सफल रहा।

बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की टीम को सलामी बल्लेबाजों से बड़ी उम्मीदें थीं, मगर 33 रन पे ही उसके तीन बल्लेबाज पैवेलियन लौट गए, जिससे उसकी राह मुश्किल प्रतीत होने लगी। आखिरकार राणा और रसेल ने 118 रनों की साझेदारी जरूर निभाई, मगर इनसे पहले रॉबिन उथप्पा की 20 गेंदों पर केवल 9 रनों की पारी टीम के लिए खतरनाक साबित हुई, जब धुआंधार बल्लेबाजी कर रहे राणा और रसेल को टीम को जिताने के लिए केवल एक-दो गेंदें ही कम पड़ गयीं। रसेल ने 9 तो राणा ने 5 छक्के लगाए। यह कोलकाता की लगातार चौथी हार रही, जबकि आईपीएल के इस सत्र में बेंगलुरु की केवल दूसरी जीत।