
जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में शनिवार को खेले गये 36वें IPL मुकाबले में मैच से ठीक पहले अजिंक्य रहाणे की जगह स्टीवन स्मिथ को कप्तान बनाकर उनकी कप्तानी में खेलने के लिए उतरे राजस्थान राॅयल्स ने मुंबई इंडियंस को 5 गेंदें शेष रहते 5 विकेट से हराकर आईपीएल के इतिहास में अब तक दोनों टीमों के बीच खेले गये 23 मैचों में मुंबई के 11 जीत की बराबरी कर ली।
दोनों टीमों के बीच एक मैच बेनतीजा रहा है। प्लेआॅफ में पहुंचने की उम्मीद को बरकरार रखने के लिए राजस्थान का इस मैच को जीतना जरूरी थी, ऐसे में श्रेयस गोपाल के 4 ओवर में 21 देकर 2 विकेट लेने के दमदार प्रदर्शन और इस मैच में रहाणे की जगह टीम के कप्तान स्मिथ के 48 गेंदों पर नाबाद 59 रनों की पारी एवं महज 26 गेंदों पर पराग की 44 रनों की जबर्दस्त पारी की बदौलत राजस्थान ने इस मैच को अपने नाम कर ही लिया।

पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरी मुंबई को पहला झटका कप्तान रोहित शर्मा के विकेट के रूप में बहुत जल्द लगा, जिन्हें गोपाल ने केवल 5 रनों के व्यक्तिगत स्कोर पर अपनी ही गेंद पर कैच कर लिया। इसके बाद क्विंटन डी काॅक और सूर्यकुमार यादव ने पारी को बढ़िया संभाला, लेकिन दोनों जमे हुए बल्लेबाज एक के बाद एक तुरंत आउट हो गये। काॅक ने 47 गेंदों पर 65 तो यादव ने 33 गेंदों पर 34 रनों की पारी खेली। हार्दिक पांड्या 15 गेंदों पर 23 तो पोलार्ड 7 गेंदों का सामना करते हुए 10 रन ही बना सके। कटिंग 13 और क्रुणाल पांड्या दो रन बनाकर नाबाद रहे। इस तरह से मुंबई ने 5 विकेट खोकर निर्धारित 20 ओवरों में 161 रन बनाये।
जवाब में बल्लेबाजी करने के लिए उतरे राजस्थान राॅयल्स को अजिंक्य रहाणे और सैमसन ने अच्छी शुरुआत दी। रहाणे 12 रन ही बनाकर आउट हो गये। सैमसन 6 चैकों और एक छक्के की मदद से 19 गेंदों पर 35 रन बनाने में कामयाब रहे। स्मिथ टिककर खेले। उन्होंने 48 गेंदों पर 59 रन 5 चैके और एक छक्के की मदद से बनाए। वे नाॅट आउट रहकर टीम को जीत की दहलीज तक ले गये।

स्टोक्स शून्य पर ही राहुल चाहर की गेंद पर बोल्ड हो गये। पराग ने रन आउट होने से पहले 5 चैके व एक छक्के की मदद से बहुमूल्य 43 रन बनाये। टर्नर तो बिना खाता खोले ही पहली गेंद पर बुमराह द्वारा एलबीडब्ल्यू किये जाने के बाद पैवेलियन लौट गये। बची-खुची कसर स्मिथ ने बिन्नी के साथ मिलकर पूरी कर दी। मुंबई की ओर से राहुल चाहर ने 29 रन देकर 3 विकेट जरूर झटके, लेकिन टीम को जीत दिलाने में कामयाब नहीं हो सके। स्मिथ को प्लेयर आॅफ द मैच चुना गया।