
महेंद्र सिंह धोनी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम बीते रविवार को बेंगलुरु के खिलाफ एक रन से मिली हार के बाद मंगलवार को अपने घरेलू मैदान एमए चिदंबरम स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उतरेगी। चेन्नई की टीम लगातार दो हार के बाद एक जीत हासिल करने पर होगी, ताकि अंक तालिका में टाॅप पर पहुंच गई दिल्ली को पीछे छोड़कर वापस वह टाॅप पर पहुंच जाए।

चेन्नई चाहेगी कि उनके शीर्षक्रम के बल्लेबाज शेन वाटसन, सुरेश रैना और अंबाती रायुडू बढ़िया प्रदर्शन करें, ताकि बाद में सारा दबाव महेंद्र सिंह धोनी पर ही न आ जाए। पिछले मैच में ऐसा ही देखने को मिला था। धोनी इस वक्त शानदार फाॅर्म में चल रहे हैं, जिससे चेन्नई की टीम का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। हैदरबाद भी बेहद मजबूत स्थिति में है, क्योंकि पिछले मैच में उसने कोलकता नाइटराइडर्स को नौ विकेट से ऐसी मात दी थी, जिसे भुला पाना कोलकाता के लिए आसान नहीं होगा।

चेन्नई के सामने सबसे बड़ा चैलेंज डेविड वाॅर्नर और जाॅनी बेयरस्टो के आग उगलते बल्ले को रोकना होगा। वहीं, हैदराबाद को धोनी का तोड़ तैयार रखना पड़ेगा। हैदराबाद की कोशिश होगी कि इस मैच को अपने नाम करके जीत की हैट्रिक लगा दी जाए। यहां की पिच अच्छी है। गेंद खासा टर्न लेती है। गेंदबाजों को लाभ मिल सकता है। वैसे, इस मैदान पर लक्ष्य का पीछा करना आसान होता है।


