कॉमनवेल्थ गेम्स के 9वें दिन में गोल्ड मेडल के साथ शुरुआत शानदार रही। भारत के शूटरों के निशाने सोने के तमगे जुटा रहे हैं। 15 साल के अनीश भानवाला ने पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल खेल में गोल्ड मेडल पर कब्जा किया। अनीश ने भारत के खाते में 16वां गोल्ड डाला।
अनीश के मेडल से पहले शूटिंग में भारत के लिए इकट्ठे दो मेडल आए। महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन में 37 साल की तेजस्विनी सावंत ने गोल्ड पर निशाना साधा, जबकि उनकी हमवतन अंजुम मौदगिल को सिल्वर मेडल मिला। तेजस्विनी का मौजूदा कॉमनवेल्थ में यह दूसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने 50 मीटर राइफल प्रोन में सिल्वर मेडल जीता था।
शूटिंग में भारत के कुल पदकों की संख्या 15 हो गई है, जिनमें 6 गोल्ड, 4 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज शामिल हैं। इसके साथ ही शूटिंग में सर्वाधिक 6 गोल्ड हासिल हो चुके हैं। वेटलिफ्टिंग में भारत ने 5 गोल्ड मेडल जीते हैं।
भारत के खाते में अब तक कुल 34 मेडल आ चुके हैं। वह 16 गोल्ड, 8 सिल्वर और 10 ब्रॉन्ज मेडल के साथ पदक तालिका में तीसरे स्थान पर बरकरार है।