भारत के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ श्रीसंत के करियर को लेकर एक बार फिर से संशय के बादल छा गए है. श्रीसंत ने बीसीसीआई के लगाए बैन के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। सुप्रीम कोर्ट ने 5 फरवरी को श्रीसंत के मामले के सुनवाई की तारीख तय की है। बता दें कि इससे पहले श्रीसंत ने केरल हाईकोर्ट में इस मामले को उठाया था लेकिन कोर्ट ने बीसीआई के उन पर लगाए आजीवन बैन को जारी रखने का फैसला किया था.
सुप्रीम कोर्ट के पास गए है श्रीसंत

मुख्य जज दीपक मिश्रा के अगुवाई वाली बेंच के सामने इस मामले की सुनवाई होगी। बेंच के आधिकारिक बयान के मुताबिक, “इस मामले को पांच फरवरी को रोस्टर के मुताबिक उपयुक्त बेंच के सामने रखा जायेगा।’’ इससे पहले उच्च न्यायालय की एक बेंच ने 34 साल के इस तेज गेंदबाज पर सिंगल बेंच के उस फैसले को पलट दिया था जिसमें बीसीसीआई के लगाए गए आजीवन बैन को निरस्त किया गया था। श्रीसंत लगातार क्रिकेट के मैदान पर वापसी की कोशिश कर रहे हैं। कुछ समय पहले उन्होंने एक स्कॉटिश क्रिकेट लीग में शामिल होने का ऐलान किया था लेकिन भारतीय क्रिकेट बोर्ड के बैन के चलते वो इस लीग का हिस्सा नहीं बन सके।