भारत और साउथ अफ्रिका के बीच कल पहला वन डे मैच खेला गया.जहाँ पर भारत ने साउथ अफ्रीका को 6 विकेट से हरा दिया है. इस मैच में भारत के जीत के हीरो विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे रहे. जहाँ कोहली ने शतक बनाया ,वही रहाने ने शानदार अर्धशतक लगाया. इस मैच में कोहली ने 112 और रहाणे ने 79 रन की पारी खेली.ऐसे में इस मैच में जीत हासिल करने के बाद भारत ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किये. आइये जानते है उन रिकार्ड्स के बारे में :
मैच के दौरान बने ये रिकॉर्ड :

- कोहली और रहाणे के बीच बनी 189 रनों की साझेदारी भारत के लिए दक्षिण अफ्रीका में तीसरे विकेट के लिए बनाई सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले ये रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर और मोहम्मद कैफ की 102 रनों की साझेदारी के नाम था। गौरतलब है कि रहाणे और कोहली ने तीसरी बार वनडे मैच में तीसरे विकेट के लिए 100 से ज्यादा रनों की साझेदारी बनाई है।
- विराट और रहाणे दोनों ही टीम इंडिया के लिए एक साल में लगातार पांच अर्धशतकीय पारियां खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। दोनों खिलाड़ियों के अलावा सचिन तेंदुलकर (1994) ये कारनामा कर चुके हैं। वहीं कोहली 2012 और 2013 में पहले भी वनडे मैचों में लगातार 5 बार 50 से ज्यादा का स्कोर बना चुके हैं।
- डरबन में 112 रनों की पारी खेलकर कोहली सौरव गांगुली और सचिन तेंदुलकर के बाद दक्षिण अफ्रीका में शतक बनाने वाले तीसरे भारतीय कप्तान बन गए हैं। इसी के साथ कोहली ने 9 देशों में शतक लगाने का रिकॉर्ड बना लिया है। कोहली ऐसे पहले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने हर उस देश में वनडे शतक लगाया है जहां उन्होंने मैच खेला है। कोहली ने अब तक पाकिस्तान में शतक नहीं लगाया है लेकिन उन्होंने वहां कोई वनडे मैच भी नहीं खेला है।
- विराट कोहली कुमार संगाकारा के साथ जीते हुए मैचों में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। दोनों खिलाड़ियों ने जीते हुए मैचों में 37 शतक लगाए हैं। इस सूची में ऑस्ट्रेलिया के रिकी पॉन्टिंग (55) सबसे आगे हैं। वहीं सचिन तेंदुलकर (53) दूसरे और हाशिम आमला (40) तीसरे नंबर पर हैं।
- आज के मैच में ऐसा चौथी बार हुआ है जब किसी वनडे मैच में दोनों टीम के कप्तानों ने शतक लगाया हो। वहीं दक्षिण अफ्रीका की जमीन पर ये कारनामा पहली बार हुआ है।