वेस्टइंडीज़ के धुआंधार बल्लेबाज़ क्रिस गेल का तूफान एक बार फिर से देखने को मिला। इस बार उन्होंने फिर से ताबड़तोड़ पारी खेली यूएई के खिलाफ विश्व कप क्वालिफायर के वॉर्मअप मैच में। इस मैच में गेल ने सिर्फ 91 गेंदों का सामना करते हुए 123 रन बनाए । वनडे क्रिकेट में इस महान बल्लेबाज़ के बल्ले से तीन साल के बाद कोई शतक निकला है।

जिम्बाब्वे में चल रहे वर्ल्ड कप क्वालिफायर्स के वॉर्मअप मैच में वेस्टइंडीज़ के कप्तान जेसन होल्डर ने टॉस जीककर पहले बल्लेबाज़ी का फैसला किया।क्रिस गेल ने मैदान पर आते ही यूएई के गेंदबाजों को बाउंड्री दिखानी शुरू कर दी। गेल के साथ आए दूसरे सलामी बल्लेबाज़ ईविन लुईस तो सिर्फ सिंगल निकालकर गेल को ही स्ट्राइक रेट देते हुए दिखे। गेल इस कदर खतरनाक दिखे कि उन्होंने सिर्फ 91 गेंदों की पारी में 123 रन ठोक डाले। इसमें 11 गगनचुंबी छक्के और 7 चौके भी शामिल रहे। गेल जब 29वें ओवर में इमरान हैदर की गेंद पर आऊट हुए तब तक वेस्टइंडीज का स्कोर 191 रन हो चुका था।

क्रिस गेस के लिए 3 साल के बाद आया ये मौका
क्रिस गेल ने तीन साल के बाद 50-50 ओवर के मैच में शतक मारा है। इससे पहले उन्होंने 24 फरवरी 2015 को जिम्बाब्वे के खिलाफ वर्ल्ड कप में सेंचुरी जड़ी थी।
गेल के बाद हेटमेयर का जलवा देखने को मिला
गेल के बाद शिमरॉन हेटमेयर ने भी अपने बल्ले की चमक दिखाई । हेटमेयर ने भी तेज़-तर्रार पारी खेलते हुए सिर्फ 93 गेंद में 127 रन बनाए। हेटमेयर ने 14 चौके और चार छक्के भी जड़े। गेल और हेटमेयर ने मिलकर 103 रन की साझेदारी की इसके बाद गेल आउट हो गए। जब गेल आउट हुए थे तब तक हेटमेयर सिर्फ 28 गेंदों में 31 रन बनाकर खेल रहे थे, लेकिन गेल के आउट होते ही उन्होंने तेज़ी से रन बटोरने शुरू दिए।