
आईपीएल-2019 के एक महत्वपूर्ण मुकाबले में सोमवार को किंग्स इलेवन पंजाब की टीम दिल्ली कैपिटल्स का सामना करने के लिए मैदान में उतरेगी। पिछले मैच में दिल्ली के कागिसो रबाडा ने सुपर ओवर में जिस तरीके से यॉर्कर फेंकी थी, उसने कोलकाता के खिलाफ दिल्ली की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। ऐसे में सभी की निगाहें इसी पर होंगी कि पंजाब के बल्लेबाज किस तरीके से रबाडा का सामना करते हैं।

पंजाब के पास क्रिस गेल, मयंक अग्रवाल, डेविड मिलर और लोकेश राहुल जैसे जबरदस्त बल्लेबाज हैं, जिनका बल्ला जब चल निकलता है तो रुकने का नाम ही नहीं लेता। ऐसे में रबाडा के लिए भी यह एक बड़ी चुनौती होगी कि वे इन बल्लेबाजों को कैसे वश में करते हैं। पंजाब और कोलकाता दोनों ही अपने पिछले मैच जीत चुके हैं। ऐसे में दोनों टीमें आत्मविश्वास से भरी हुई हैं।
दोनों टीमों के सलामी बल्लेबाजों ने अपनी-अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। जहां दिल्ली के पृथ्वी शॉ ने 55 गेंदों पर 99 रन बनाकर कोलकाता के खिलाफ अपनी टीम को जीत के बेहद नजदीक पहुंचा दिया था, वही पंजाब के सलामी बल्लेबाज के एल राहुल ने फॉर्म में वापसी करते हुए 57 गेंदों पर नाबाद 71 रन बनाए थे, जिससे कि पंजाब को मुंबई को शिकस्त देने में आसानी हुई थी।
पंजाब के पास मोहम्मद शमी, एंड्रयू टाई और हार्डस विलजोन जैसे तेज गेंदबाज हैं, जिनका सामना करना दिल्ली के बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती होगी। उसी तरीके से कप्तान रविचंद्रन अश्विन सहित अन्य स्पिनरों के खिलाफ भी दिल्ली के बल्लेबाजों को अपनी रणनीति बनानी पड़ेगी। हालांकि दिल्ली के लिए अधिक चिंता की बात भी नहीं है, क्योंकि पृथ्वी शॉ के साथ ऋषभ पंत भी अच्छे फॉर्म में चल रहे हैं। साथ ही शिखर धवन, श्रेयस अय्यर और कोलिन इंग्राम भी यदि जम जाते हैं तो वे भी गेंदबाजों के पसीने छुड़ा सकते हैं।

गेंदबाजी में ट्रेंट बोल्ट, इशांत शर्मा और अक्षर पटेल भी बल्लेबाजों को बहुत परेशान करने की काबिलियत रखते हैं। आईपीएल में दिल्ली और पंजाब के बीच अब तक 22 मैच हो चुके हैं, जिनमें से 13 मैचों में पंजाब जीता है, जबकि 9 मैचों में दिल्ली को जीत मिली है। इस तरह से पलड़ा पंजाब का ही भारी दिख रहा है।