पांचवें महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय हॉकी टीम रविवार को अपने अभियान की शुरूआत जापानी टीम के खिलाफ करेगी। रानी रामपाल की अनुपस्थिति में सीनियर महिला टीम की कमान संभाल रही डिफेंडर सुनीता लाकड़ा और उपकप्तान सविता ने जापानी टीम के खिलाफ अच्छे परिणाम का भरोसा जताया है। हालांकि भारत को पिछले मुकाबलों में जापान से कड़ी टक्कर झेलनी पड़ी है।
2013 एशियन चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में भारतीय टीम को जापान से हार झेलनी पड़ी थी। वर्ष 2016 के संस्करण में हालांकि भारतीय महिलाओं ने पूल चरण में जापान के साथ 2-2 से ड्रॉ खेला था और फाइनल में चीन को हराकर खिताब अपने नाम किया था। गत वर्ष भी भारत को हॉकी वर्ल्ड लीग के तीसरे राउंड में जापान के हाथों 0-2 से हार मिली थी। लेकिन भारतीय महिलाओं ने इसका बदला फिर एशिया कप में चुकता किया और टूर्नामेंट की मेजबान तथा गत चैंपियन जापान को पराजित किया। भारत और जापान के पिछले रिकार्ड को देखते हुए निश्चित ही रविवार को दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर की उम्मीद की जा सकती है।