Tata IPL 2022 का आज 7वां मैच खेला जा रहा है। यह मैच मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में लखनऊ ने टॉस जीता है और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस मैच में दोनों टीमों ने अपनी-अपनी प्लेइंग इलेवन में बदलाव किया है।
लखनऊ की टीम में मोशिन खान की जगह ऑस्ट्रेलिया के एंड्रयू टॉय को शामिल किया गया है। वहीं चेन्नई में डेवन कॉन्वे, मिचल सेंटनर और एडम मिल्ल की जगह मोइन अली, ड्वेन प्रिटोरियस और मुकेश चौधरी को शामिल किया गया है।
गौतम बनाम धोनी
एक तरह से देखा जाए तो यह मैच धोनी और गौतम गंभीर के बीच में भी है। हालांकि इस बार इन दोनों की भूमिका काफी अलग-अलग है। गौतम लखनऊ के मेंटोर हैं, वहीं धोनी अब चेन्नई के टीम में पूर्व-कप्तान बन चुके हैं। ऐसे में धोनी भी सीएसके के मेंटोर ही है लेकिन वो टीम के साथ खेल भी रहे हैं।

इस धमाकेदार मैच से पहले गौतम गंभीर ने लखनऊ के एक युवा स्टार के लिए बड़ी बात कही है। लखनऊ के इस युवा स्टार का नाम आयुष बदोनी (Ayush Badoni) है। 22 वर्षीय इस खिलाड़ी ने गुजरात टाइटन्स के खिलाफ अपने पहले मैच में ही शानदार पारी खेली थी। शुरुआती विकेट गिरने के बाद भी आयुष ने अपने डेब्यू मैच में ही दीपक हुड्डा के साथ शानदार पार्टनरशिप की और अंतिम ओवरों में अपना आक्रमक रूप भी दिखाया था। उन्हीं की पारी के बदौलत लखनऊ के टीम एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
आयुष बदोनी के बारे में क्या कहा
आयुष के शानदार डेब्यू के बाद उनकी चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है। ऐसे में चेन्नई के मैच से पहले लखनऊ के मेंटोर गौतम गंभीर से उनके बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि,
आयुष के बारे में बात करना अभी काफी जल्दबाजी होगी क्योंकि सिर्फ एक मैच की पारी आपको सुपरस्टार नहीं बनाती है। लेकिन हां, उसके बाद काफी टैलेंट है, जिसे हमने पहचाना है और इस वजह से वो इस ड्रेसिंग रूम का हिस्सा है।

गौतम गंभीर ने इसके आगे बात करते हुए कहा कि,
आयुष दिल्ली से आता है और हमने उसे वहां काफी खेलते हुए देखा है। उसकी सबसे खास बात मुश्किल परिस्थितियों में भी खुद को बैलेंस रखना है, जैसा कि उसने पहले मैच में दिखाया भी। ऐसे में वो हमारे लिए एक खास खिलाड़ी भी है।
चेन्नई ने की ताबड़तोड़ शुरुआत
अब देखना होगा कि गौतम का यह गंभीर खिलाड़ी उनके टीम को कितना बैलेंस करता है। लखनऊ और चेन्नई के बीच चल रहे मैच की बात करें तो इस स्टोरी को लिखे जाने तक चेन्नई ने ताबड़तोड़ शुरुआत की है। चेन्नई 11 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 112 रन बना दिए हैं। रॉबिन उथप्पा ने ताबड़तोड़ शुरुआत की है और मात्र 27 गेंदों में 50 रन बनाकर खेल आउट हुए। वहीं उनके साथ मोईन अली भी अपने बल्ले का कहर बरपा रहे थे। मोईन भी 22 गेंदों में 35 बनाकर आउट हुए। इनसे पहले ऋतुराज गायकवाड़ एक बार फिर सिर्फ 1 रन पर बेहद दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए। इस ख़बर के लिखे जाने के वक्त तक शिवम दूबे 9 गेंदों में 15 रन बनाकर खेल रहे हैं और अंबाती रायडू 4 बॉल में 5 रन बनाकर खेल रहे हैं।


