Tata IPL 2022 का आज 7वां मैच खेला जा रहा है। मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेले जा रहे हैं इस मैच में लखनऊ ने टॉस जीता है और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया लेकिन चेन्नई सुपरकिंग्स ने बेहद ताबड़तोड़ शुरुआत की और पहले 6 ओवर में ही 74 रन बना डाले।
चेन्नई ने बनाया रनों का पहाड़
सीएसके की ओर से रॉबिन उथप्पा ने आज ऋतुराज के साथ ओपनिंग की। ऋतुराज तो सिर्फ 1 रन पर रन आउट हो गए लेकिन उथप्पा ने आज अपने पुराने रंग में दिखे। उन्होंने सिर्फ 27 गेंदों में 50 रन की धुंआदार पारी खेली और मोईन अली ने भी उनका पूरा साथ निभाया। मोईन ने भी सिर्फ 22 गेंदों में 35 रन की पारी खेलकर चेन्नई का स्कोर सिर्फ 10 ओवर में ही 100 के पार पहुंचा दिया।

मोईन के आउट होने के बाद लखनऊ के गेंदबाजों ने चेन्नई एक्सप्रेस में थोड़ी ब्रेक तो लगाई लेकिन अंबाती रायडू ने 20 गेंदों में 27 रनों की पारी खेली। शिवम दूबे भी आज अपने शानदार शॉट्स के साथ युवराज सिंह की याद दिला रहे थे। शिवम ने 30 गेंदों में 49, रविद्र जडेजा ने 9 गेंदों में 17, और धोनी ने भी 6 गेंदों में 16 रन की ताबड़तोड़ और नाबाद पारी खेली। इस तरह से चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 210 रन बना डाले।
मुश्किलों में भी बिश्नोई ने नहीं छोड़ा साथ
लखनऊ के गेंदबाजों की बात करें तो आज फ्लैट विकेट होने की वजह से सभी की ठीक-ठाक पिटाई हुई लेकिन फिर भी रवि बिश्नोई ने अपने 4 ओवर्स में किफायती गेंदबाजी करते हुए खतरनाक रॉबिन को सही समय पर वापस पवेलियन भेजा। बिश्नोई ने 4 ओवरों में सिर्फ 24 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट लिए। दुश्मंता चमीरा और कृणाल पांड्या को भी एक-एक विकेट मिला। वहीं एंड्रयू टाय ने 4 ओवर में 40 रन देकर 2 विकेट लिए।
अब देखना होगा कि क्या लखनऊ चेन्नई के इस बड़े टोटल का पीछा कर पाती है या नहीं। हालांकि अगर केएल राहुल और क्वेंटम डीकॉक का बल्ला चल गया तो उनके लिए कोई भी स्कोर छोटा नहीं है। उधर सीएसके के कप्तान रविद्र जडेजा के लिए सबसे बड़ी समस्या ओस है। पहली पारी में ही मैदान पर काफी ओस आ चुकी थी, ऐसे में दूसरी पारी में चेन्नई के गेंदबाजों के लिए गेंदबाजी करना काफी मुश्किल होने वाला है। गेंद इतनी गीली हो जाती है कि फिल्डिंग करना भी मुश्किल हो रहा है। ऐसे में उनके लिए इतने बड़े टारगेट को बचाना भी एक बड़ी चुनौती होगी।


