
मुंबई इंडियंस के हाथों दिल्ली कैपिटल्स को गुरुवार को फिरोजशाह कोटला मैदान में आईपीएल मुकाबले में 40 रनों से हार झेलनी पड़ी। इससे दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर इससे बेहद निराश नजर आये। उन्होंने मैच के बाद बताया कि आखिर उनकी टीम इस मैच को क्यों नहीं जीत सकी? आखिर क्यों एक बार फिर से अपने पुराने इतिहास को दोहराते हुए इस मैदान पर दिल्ली इस मैच को नहीं जीत सकी?
अय्यर ने कहा कि हम हर मामले में मुंबई से इस मैच में पिछड़े हुए नजर आये। बल्लेबाजी से लेकर गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण तक में हम मुंबई से उन्नीस ही रहे। अय्यर के मुताबिक उन्होंने 20 तो अतिरिक्त रन दे दिए, जिसकी वजह से मुंबई का स्कोर कुछ ज्यादा ही आगे बढ़ गया। इसके साथ ही उन्होंने यह भी माना कि उनकी गेंदबाजी उस स्तर की नहीं रही, जिस स्तर की होनी चाहिए थी।

दिल्ली के कप्तान ने कहा कि हमारे लिए हमारी गेंदबाजी चिंता का सबब बन गई है। इसमें बड़े पैमाने पर सुधार की जरूरत है। यदि हमने अब भी अपनी गेंदबाजी को नहीं सुधारा तो आने वाले समय में यह हमारे लिए घातक साबित हो सकती है। गौरतलब है कि मुंबई इंडियंस ने दिल्ली के खिलाफ 5 विकेट खोकर 168 रन बनाये थे, जिसके जवाब में दिल्ली की टीम नौ विकेट गंवाकर केवल 128 रन ही बनाने में कामयाब हो पाई थी।