
दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान पर एक बार फिर से दिल्ली का बैड लक जारी रहा और गुरुवार को आईपीएल के एक अहम मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने अपनी जीत का सिलसिला जारी रखते हुए हार्दिक पांड्या और राहुल चाहर के दमदार प्रदर्शन के बल पर दिल्ली कैपिटल्स को 40 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। सबसे बड़ी बात यह थी कि मुंबई ने दिल्ली के सामने जीत के लिए केवल 169 रनों का ही लक्ष्य रखा था, मगर दिल्ली की टीम 9 विकेट गंवाकर भी केवल 128 रन ही बना सकी और इस मैच को भी गंवा दिया।

इस जीत के बाद मुंबई के नौ मैचों में 6 जीत और 3 हार के साथ 12 अंक हो गये हैं, जिसकी बदौलत उसने अंक तालिका में दिल्ली को दूसरे स्थान से खिसकाते हुए इस स्थान पर अपना कब्जा जमा लिया है। पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरी मुंबई को सलामी बल्लेबाजों रोहित शर्मा और क्विंटन डीकाॅक ने अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने क्रमशः 30 और 35 रन बनाये। सूर्यकुमार यादव ने 27 गेंदों पर 26 रनों की पारी खेली। क्रुणाल पांड्या और हार्दिक पांड्या का बल्ला खूब चला। क्रुणाल ने 26 गेंदों पर 37 तो हार्दिक ने 15 गेंदों पर 32 रन बनाये। इस तरह से मंुबई ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाये।

जवाब में बल्लेबाजी करने के लिए उतरे दिल्ली कैपिटल्स को भी सलामी बल्लेबाजों शिखर धवन और पृथ्वी शाॅ ने अच्छी शुरुआत दी, मगर धवन के 22 गेंदों पर 35 और शाॅ के 24 गेंदों पर 20 रन बनाकर आउट होने के बाद विकेटों की झड़ी लग गई। अक्षर पटेल और मोरिस ने मिलकर पारी को संभालने की कोशिश जरूर की, मगर जीत की दहलीज तक पहुंचने के बहुत पहले ही टीम की सांसें थम गईं। राहुल चाहर ने 19 रन देकर 3 विकेट झटके। बुमराह को भी 2 विकेट मिले। क्रुणाल ने एक तो 37 रन बनाये और एक विकेट भी झटका, इसलिए उन्हें मैन ऑफ द मैच भी चुना गया।