एशियाई चैंपियनशिप में भारत की पांच महिला मुक्केबाजों ने सेमीफाइनल में जगह बनाकर पदक पक्के किए। इनमें से दो मुक्केबाज इस साल अर्जेंटीना में होने वाले युवा ओलंपिक खेलों के लिए क्वालीफाई करने के करीब पहुंच गई हैं। अनामिका (51 किग्रा) और आस्था पाहवा (75 किग्रा) ने पदक सुनिश्चित किए और वे युवा ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने की दौड़ में शामिल हैं।
महिला मुक्केबाजी के चार वर्ग 51 किग्रा, 57 किग्रा, 60 किग्रा और 75 किग्रा होंगे। विश्व चैंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता साक्षी चौधरी (57 किग्रा) और जोनी (60 किग्रा) हालांकि हार के साथ पदक और युवा ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने की दौड़ से बाहर हो गईं।
अन्य वजन वर्गों में ललिता (69 किग्रा) ने वियतनाम की थी गियांग तरान जबकि दिव्या पवार (54 किग्रा) ने चीन की शियुकिंग काओ को हराया। नीतू (48 किग्रा) भी चीन की झिफेई ह्यू को हराकर अगले दौर में जगह बनाने में सफल रही।