भारतीय तेज गेंदबाजों से प्रभावित पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम का मानना है कि मुहम्मद शमी अगर अपना रनअप ठीक कर ले और जसप्रीत बुमराह कुछ समय काउंटी क्रिकेट खेले तो वे इंग्लैंड दौरे पर कहर बरपा सकते हैं।
शमी को करना होगा और काम
विश्व के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजों में शुमार अकरम ने कहा, ‘शमी अच्छा गेंदबाज है, लेकिन कई बार मुझे लगता है कि वह सुस्त है। तेज गेंदबाज होने के नाते उसे चुस्ती के साथ बल्लेबाज को गलती करने पर मजबूर करते रहना चाहिए। अपने रनअप के समय शमी कई बार क्रीज पर पहुंचने से ठीक पहले छोटे कदम लेता है। कई बार लय से भटकने पर कदम छोटे हो जाते हैं और गेंद सटीक नहीं पड़ती। इससे गेंदबाज की रफ्तार भी कम हो जाती है।
शमी का घुटने की चोटों का इतिहास रहा है और अकरम ने स्वीकार किया कि यह चिंता की बात है। उन्होंने कहा, ‘शमी के साथ मसला रहेगा। शोएब अख्तर को भी घुटने ने परेशान किया। उसे शरीर के निचले हिस्से की मांसपेशियों पर काम करना होगा।
बुमराह को भी काम करने की जरूरत
माइकल होल्डिंग ने हाल ही में कहा था कि बुमराह को अपने गेंदबाजी एक्शन के कारण इंग्लैंड में सफलता नहीं मिलेगी, लेकिन अकरम को लगता है कि इस पर काम हो सकता है। उन्होंने कहा, ‘मैं होल्डिंग से इत्तेफाक रखता हूं कि इंग्लैंड की पिचों पर इस तरह के एक्शन से कामयाबी नहीं मिल सकती, लेकिन यह अनुभव के साथ ही आएगा। भारतीय क्रिकेट बोर्ड अपने प्रमुख खिलाडिय़ों को काउंटी क्रिकेट नहीं खेलने देता। बुमराह अगर कम से कम एक महीने काउंटी क्रिकेट खेले तो वह बेहतर गेंदबाज हो जाएंगे। भारतीय बोर्ड को बुमराह को बताना होगा कि आइपीएल छोड़कर एक महीना काउंटी खेले।