ऑल इंग्लैंड ओपन की मौजूदा विजेता ताइवान की ताइ जु यिंग ने भारत की महिला बैडमिटन खिलाड़ी साइना नेहवाल को टूर्नामेंट के पहले दौर में हराकर बाहर का रास्ता दिखा दिया। लेकिन साथ ही किदांबी श्रीकांत दूसरे दौर में पहुंचने में कामयाब रहे।

यिंग ने साइना को केवल 38 मिनट के भीतर सीधे गेमों में 21-14, 21-18 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है। साइना के बाहर होने के साथ ही इस टूर्नामेंट के महिला एकल वर्ग में अब पीवी सिंधु एकमात्र भारतीय चुनौती रह गई हैं।
यिंग ने साइना के खिलाफ खेले गए 15 मैचों में से 10 में जीत हासिल की है। इससे पहले भी 2016 में इसी टूर्नामेंट में यिंग ने साइना को सीधे सेटों में बाहर का रास्ता दिखाया था।