मियामी ओपन के दूसरे राउंड में रोजर फेडरर को बाहर होने का खामियाजा अपनी नंबर एक रैंकिंग गंवाकर करना पड़ा, जबकि स्पेन के राफेल नडाल हाल में कोर्ट से बाहर रहने के बावजूद फिर से शीर्ष पर काबिज हो गए हैं।
नडाल और फेडरर के बीच अंकों का ज्यादा फासला नहीं है। दोनों के बीच मात्र 100 अंकों का अंतर है और अगले किसी भी टूर्नामेंट में शीर्ष स्थान बदल सकता है। नडाल के 8770 और फेडरर के 8670 अंक हैं।
महिला रैंकिंग में रोमानिया की सिमोना हालेप का शीर्ष स्थान बना हुआ है और चोटी के आठ स्थानों में कोई बदलाव नहीं है। मियामी ओपन का खिताब जीतने वाली अमेरिका की स्लोएन स्टीफंस तीन स्थान के सुधार के साथ पहली बार टॉप 10 में शामिल हो गयी हैं और अब वह नौवें नंबर पर हैं। स्टीफंस से फाइनल में हारने वाली लात्विया की येलेना ओस्तापेंको का पांचवां स्थान बना हुआ है।