IPL 2022: PBKSvsGT: आज आईपीएल का सौलवां मैच पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटन्स के बीच में खेला गया। यह मैच मंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला जा रहा था। इस मैच में गुजरात के राहुल तेवतिया ने आखिरी दो गेंदों में 2 छक्के लगाकर 12 रन बनाए और गुजरात टाइटन्स को जीत दिला दी। इस जीत के साथ गुजरात ने आईपीएल 2022 में जीत की हैट्रिक लगा दी है। गुजरात ने इस मैच में पंजाब को 6 विकेट से हरा दिया।
इस आईपीएल सीजन में खेलने वाली 10 टीमों में से अब सिर्फ गुजरात ही एकमात्र ऐसी टीम है, जिसने अभी तक एक भी मैच हारा नहीं है। आपको बता दें कि आईपीएल शुरू होने से पहले क्रिकेट के ज्यादातर एक्सपर्ट्स का मानना था कि गुजरात टाइटन्स की टीम बाकियों से कमजोर नजर आ रही है और टूर्नामेंट में उनका प्रर्दशन कुछ खास नहीं रहेगा। हालांकि अभी तक गुजरात ने अपना शानदार खेल दिखाकर सभी क्रिकेट एक्सपर्ट की बोलती बंद कर दी है।
पंजाब की पारी
आज के मैच में गुजरात ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया लेकिन पंजाब ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 189 रन बनाए। पंजाब की ओर से लियम लिविंग्सटम ने आज एक बार फिर धमाकेदार पारी खेली। उन्होंने आज 27 गेंदों में 64 रन की शानदार पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 7 चौके और 4 छक्के लगाए। उनके अलावा शिखर धवन ने 35, जितेश शर्मा ने 23 और अंत में राहुल चहर ने भी 22 रन की पारी खेली, जिसकी मदद से पंजाब ने 189 रन बनाए।
गुजरात की पारी
गुजरात की ओर से बल्लेबाजी की शुरुआत मैथ्यू वेड और शुभमन गिल ने की। शुभमन गिल ने एक तरफ से पारी को संभाले रखा। हालांकि मैथ्यू वेड जल्दी आउट हो गए और फिर गुजरात की ओर से आज डेब्यू करने वाले साई सुदर्शन क्रीज पर आए। शुभमन और सुदर्शन ने एक शानदार पार्टनरशिप की और गुजरात को जीत के करीब पहुंचाया। शुभमन गिल ने 59 गेंदों में 96 रनों की पारी खेली , जिसमें उन्होंने 11 चौके और 1 छक्का लगाया।
तेवतिया ने लास्ट 2 बॉल में लगाए 2 छक्के
साई सुदर्शन ने 30 गेंदों में 35 रनों की पारी खेली। उनके बाद हार्दिक पांड्या ने 18 गेंदों में 27 रन बनाए। अंतिम में राहुल तेवतिया ने एक बार फिर सिर्फ 3 गेंदों में 13 रन बनाकर गुजरात को मैच जिता दिया। आपको बता दें कि गुजरात को आखिरी दो गेंदों में 12 रनों की जरूरत थी और राहुल ने लगातार 2 छक्के लगाकर अपने टीम को मैच में जीत दिला दी।
राशिद ने लिए 3 विकेट
गुजरात की ओर से राशिद खान ने आज 4 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट लिए। उनके अलावा दर्शन नालकांडे ने 3 ओवर में 37 रन देकर लगातार 2 विकेट लिए। उनके अलावा शमी, हार्दिक और लॉकी को भी एक-एक विकेट मिला। पंजाब की ओर से कसिगो रबाडा ने 2 और राहुल चहर ने 1 विकेट लिया।
शुभमन को मिला मैन ऑफ द मैच
आज के मैच में शुभमन गिल ने 59 गेंदों में 96 रनों की शानदार पारी खेली और इस वजह से उन्हें आज के मैच में मैन ऑफ द मैच का रिवॉर्ड मिला।


