जिस प्रकार कोरोना वायरस ने पूरे विश्व में आतंक मचाया है जिसके कारण यह कह पाना मुश्किल है कि आईपीएल, सीपीएल आदि मैच कब और कहां होंगे? क्रिकेट प्रेमी जल्द से जल्द आईपीएल देखने की इच्छा रखते हैं, हालांकि यह बता पाना अभी नामुमकिन है।
इसी बीच भारतीय टीम के ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा है कि इस समय फैली भयानक बीमारी कोविड-19 के कारण क्रिकेट दूर की कौड़ी है। इसी बीमारी के कारण बीसीसीआई ने आईपीएल के 13वें सीजन को अनिश्तिकाल के लिए स्थगित कर दिया है।
शोएब अख्तर ने कहा फण्ड जुटाने के लिए खेलनी चाहिए सीरीज़-
हाल ही में पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने कहा था कि कोविड-19 से लड़ाई के लिए फंड जुटाने के लिए भारत पाकिस्तान को एक सीरीज खेलनी चाहिए।
हरभजन ने कहा इस वक़्त क्रिकेट आख़िरी चीज है-
जिस पर हरभजन ने कहा, “इस समय मेरे दिमाग में क्रिकेट सबसे आखिरी की चीज है। मैं इसके बारे में सोच भी नहीं रहा हूं। फंड जुटाने के भी बहुत से तरीके हैं। जरूरी नहीं कि इसके लिए मैच खेला जाए। मुझे नहीं लगता कि इस समय कोई भी क्रिकेट या खेल के बारे में सोच रहा होगा। यह काफी छोटी चीजें हैं, इस समय जिंदगी दांव पर है। हां, क्रिकेट ने हमें काफी कुछ दिया है, मैं आज जो कुछ भी हूं वो क्रिकेट के कारण हूं, लेकिन यह समय क्रिकेट पर बात करने का नहीं है। हम लोगों की मदद कैसे कर सकते हैं मैं इस समय इस पर बात करना पसंद करूंगा।”

इस बीमारी से जो माहौल बना है इसी के कारण इसी साल अक्टूबर में होने वाले टी-20 विश्व कप के होने पर भी सवालिया निशान हैं। इस पर हरभजन ने कहा, “एक आईपीएल, एक विश्व कप, अगर यह इस साल नहीं होते हैं तो इनसे क्या फर्क पड़ जाएगा? लेकिन अगर चीजें ऐसी ही चलती रहीं तो हमारी जिंदगी खत्म हो जाएगी। हम हर चीज को हल्के में ले रहे हैं, लेकिन इस बीमारी ने हमें हर छोटी चीज के लिए शुक्रगुजार होना सिखाया है। अभी घर पर खाना बनता है तो सोचता हूं कि चलो खाना तो है। अगर आप स्वस्थ नहीं रहेंगे तो आप अपने पैसे, कार, घर का क्या करने वाले हैं।”
यह तो सच है कि कोरोना वायरस के कारण कितने ही लोग खाने तक को तरस गए हैं, हमारे पास खाने के लिए है यही हमारी खुशनसीबी है।