
विराट कोहली के नेतृत्व में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने एक बार फिर से आईपीएल के इस सत्र में वापसी कर ली है। बेंगलुरु में बुधवार को चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल के 42वें मुकाबले में किंग्स इलेवन पंजाब को 17 रनों से मात देकर बेंगलुरु ने जीत की हैट्रिक भी लगा दी है। अब राजस्थान आठवें पायदान पर आ गया है।
बेंगलुरु पहली बार आठवें पायदान से ऊपर उठकर सातवें स्थान पर पहुंच गया है। अंक तालिका में अब 11 मैच को लेकर बेंगलुरु के 8 अंक हो गए हैं, जबकि किंग्स इलेवन पंजाब इस वक्त 11 मैचों में 10 अंक के साथ पांचवें नंबर पर है। पंजाब ने टॉस जीतकर बेंगलुरु को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। निर्धारित 20 ओवरों में बेंगलुरु ने 4 विकेट खोकर 202 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।

जवाब में बल्लेबाजी करने के लिए उतरी पंजाब की टीम 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर केवल 185 रन ही बना सकी। एक वक्त लोकेश राहुल और मयंक अग्रवाल के बीच अच्छी साझेदारी होती हुई नजर आ रही थी, लेकिन पहले मयंक अग्रवाल और उसके बाद लोकेश राहुल का विकेट गिरने के बाद पंजाब की स्थिति गड़बड़ हो गई।
निकोलस पूरन ने 46 रन बनाए, लेकिन बाकी के बल्लेबाज ज्यादा बढ़िया प्रदर्शन नहीं कर सके, जिस वजह से पंजाब इस लक्ष्य को नहीं पा सका। लोकेश राहुल ने 42, मयंक ने 35 और मिलर ने 24 रनों का योगदान दिया। क्रिस गेल भी 23 रन बनाकर आउट हुए। बेंगलुरू की ओर से सबसे अधिक विकेट उमेश यादव ने लिए। उन्होंने 3 अपने नाम किया तो नवदीप सैनी भी दो विकेट लेने में कामयाब रहे।

बेंगलुरु की ओर से एबी डिविलियर्स ने सर्वाधिक 82 रन बनाए और नाबाद भी रहे। मैन ऑफ द मैच चुने गए डिविलियर्स ने 7 गगनचुंबी छक्के और 3 चौके भी लगाए। इस तरह से इस सत्र में उनके 5 अर्धशतक पूरे हो गए। स्टोइनिस ने भी 34 गेंदों पर बहुमूल्य 46 रन बनाए। कोहली 8 गेंदों पर 13 तो पार्थिव पटेल ने 24 गेंदों पर 43 रनों का योगदान दिया।


