
आईपीएल के वर्तमान सत्र में राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक देखने को मिल रहा है। वह इस वक्त अंक तालिका में सातवें पायदान पर है। अपने पिछले मैच को भी उसने किंग्स इलेवन पंजाब के हाथों 12 रनों से गंवा दिया है। ऐसे में राजस्थान की टीम के प्रदर्शन पर सवाल उठने तो लाजमी हैं।
इस पर टीम के कोच पैड़ी अपटन का बयान आ गया है। उन्होंने इसके लिए सही प्लेइंग इलेवन का चुनाव ना किए जाने को वजह बताई है। अपटन ने कहा है कि हमने जो प्लेइंग इलेवन को चुना है मेरे हिसाब से उसमें हम कुछ गलतियां कर रहे हैं। हमने एक ही टीम को लगातार जारी रखा है, जो कि सही नहीं है। समय आ गया है इसमें बदलाव करने का।

वे बोले कि हर खिलाड़ी से उम्मीद नहीं की जा सकती कि हर मैच में वह बढ़िया प्रदर्शन करे। ऐसे में आगामी मैचों में हमें प्लेइंग इलेवन में बदलाव करने ही होंगे। राजस्थान रॉयल्स के कोच ने यह भी कहा कि जब तेज गति से रन बनाने की जरूरत थी, उस वक्त हमारे बल्लेबाज ऐसा नहीं कर पाए। यही वजह थी कि यह मैच हमारे हाथों से निकल गया।
साथ ही अपटन ने गेंदबाजी की भी कुछ गलतियों की ओर इशारा किया और कहा कि इसमें सुधार की बड़ी जरूरत है। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि आने वाले मैचों में उनकी टीम जरूर वापसी करेगी।