
विश्व कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा की जा चुकी है। इसमें ऋषभ पंत को जगह नहीं मिल पाई है। उनकी जगह टीम ने चयनकर्ताओं ने दिनेश कार्तिक पर भरोसा जताया है। उसी तरीके से नंबर 4 पर बल्लेबाजी करने के लिए ऑलराउंडर अंबाती रायुडू की जगह पर चयनकर्ताओं ने विजय शंकर को वरीयता दी है। इसके बाद से ऋषभ पंत और अंबाती रायुडू निराश बताए जा रहे थे।

ऐसे में उनके लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। बीसीसीआई के अधिकारियों के हवाले से मीडिया में बताया गया है कि ऋषभ पंत, अंबाती रायुडू और नवदीप सैनी को स्टैंडबाई रखा गया है। इसका मतलब यह हुआ कि यदि जरूरत पड़े तो इन खिलाड़ियों को भी खेलने का मौका मिल सकता है। हालांकि इस सूची में सबसे पहले मौका ऋषभ पंत को मिलेगा, जबकि उसके बाद नंबर अंबाती रायुडू का आएगा।

नवदीप तेज गेंदबाज के रूप में स्टैंडबाई हैं। यदि जरूरत पड़ी तो उन्हें भी खेलने का मौका दिया जा सकता है। यह भी बताया जा रहा है कि टीम के साथ नेट गेंदबाज के तौर पर आवेश खान, दीपक चाहर और खलील अहमद होंगे। इसका मतलब यह हुआ कि वे बल्लेबाजों को प्रैक्टिस करवाने में मदद करेंगे। यदि जरूरत पड़ती है तो इनमें से किसी को भी खेलने का अवसर दिया जा सकता है।

गौरतलब है कि इंग्लैंड और वेल्स में क्रिकेट विश्व कप की शुरुआत 30 मई से हो रही है, जो कि 14 जुलाई तक चलने वाला है। इससे पहले टीम में नहीं चुने जाने के बाद रायुडू ने एक ट्वीट करके चयनकर्ताओं पर निशाना भी साधा था, जिसमें उन्होंने लिखा था कि विश्व कप के मैच देखने के लिए उन्होंने अभी-अभी 3D चश्मे का ऑर्डर किया है। ऐसे में इस बात की पूरी उम्मीद है कि उन्होंने अपने इस ऑर्डर को कैंसिल तो कर दिया होगा, क्योंकि भारतीय टीम के साथ अब वे भी इंग्लैंड के लिए रवाना होने वाले हैं।