भारत के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस ने डेविस कप के लिए भारतीय टीम में वापसी की है। भारतीय टीम का सामना डेविस कप में अगले महीने चीन से होगा। 2017 में उज्बेकिस्तान के खिलाफ डेविस कप मुकाबले के लिए लिएंडर पेस राष्ट्रीय टीम में शामिल नहीं थे। साथ ही वह कनाडा के खिलाफ वर्ल्ड ग्रुप प्ले-ऑफ का मुकाबला भी नहीं खेल पाए थे।
छह और सात अप्रैल को भारतीय टीम का सामना चीन के तिआनजिन से होगा। पेस के अलावा, राष्ट्रीय टीम में युकी भांबरी, रामकुमार रामानाथन, सुमित नागपाल, रोहन बोपन्ना और दिविज शरण शामिल हैं। जब पिछली बार डेविस कप के लिए लिएंडर पेस को टीम में नहीं चुना गया था, तो इस पर काफी शोर मचा था।
लेकिन अब भारतीय टेनिस के इस दिग्गज खिलाड़ी की टीम में वापसी न केवल टीम को मजबूती प्रदान करेगी, बल्कि युकी भांबरी जैसे खिलाड़ियों को भी कोर्ट पर पेस की उपस्थति का फायदा मिलेगा। लिएंडर की नजरें एक बहुत ही खास रिकॉर्ड पर लगी हुई हैं।
दरअसल 44 वर्षीय लिएंडर पेस का लक्ष्य इटली के पूर्व टेनिस स्टार खिलाड़ी निकोला पीट्रांगेली के 42 डेविस कप मैच के जीत के रिकॉर्ड को तोड़ना है। अगर पेस जीत हासिल कर लेते हैं, तो यह उनकी डेविस कप में 43वीं जीत होगी।