इस समय पूरे देश में शोक की लहर चल रही है। 14 फरवरी के दिन जब पूरा देश प्यार की खूबसूरत दिन को मनाने में व्यस्त था उसी वक्त देश के वीर जवानों के ऊपर एक बेहद ही कायराना हमला किया गया, जिसमें हमारे देश के 40 वीर सपूतों ने अपने प्राण की आहुति दे दी। इस घटना के बाद पूरे देश ने आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की है। आतंकियों के खिलाफ यह आक्रोश सिर्फ आम जनता के बीच ही नहीं देखा गया, बल्कि बड़े बड़े खिलाड़ी भी इस घटना से बहुत द्रवित पाए गए और अपने शब्दों के माध्यम से इस हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी. इसी कड़ी में आगे बढ़ते हुए भारतीय टीम के वर्तमान कप्तान विराट कोहली ने एक नई मिसाल प्रस्तुत की है.
विराट कोहली ने ट्विटर के माध्यम से जानकारी देते हुए कहा कि, ‘आरपी-एसजी इंडियन स्पोर्ट्स सम्मान को स्थगित कर दिया गया है। इस मुश्किल घड़ी में जिसमें बड़ा नुकसान हुआ, हम शनिवार को होने वाले इस कार्यक्रम को रद्द करने का फैसला कर रहे हैं।’
विराट की पीआर टीम ने बयान में कहा, ‘हर सहयोगी और स्पोर्ट्स स्टार, कार्यक्रम से जुड़े डेलीगेट्स, सभी को सूचना दे दी गई है कि जिस समय देश अपने जवानों की शहादत पर गम मना रहा है, ऐसे में कार्यक्रम आयोजित करना सही नहीं है।’
विराट का यह कदम निश्चित तौर पर एक मिसाल प्रस्तुत करेगा. विराट ने आगे अपनी बात कहते हुए घायल हुए जवानों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है. इसके पहले विराट कोहली ने इस घटना पर ट्वीट करते हुए कहा था कि, ‘पुलवामा में हुए आंतकी हमले के बारे में सुनकर सदमा लगा है। हमले में शहीद हुए जवानों और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं हैं। प्रार्थना करता हूं घायल जवान जल्दी ठीक हो जाएं।’
इस दुख की घड़ी में एक ओर पूरा देश मे आक्रोश है, वही एक कड़ी प्रतिकार देने की मांग भी जोर पकड़ रही है. लेकिन शहीदों के परिवार की बात करना भी जरूरी है. कई खिलाड़ी ने इस मौके पर शहीदों के परिवार के लिए सहानुभूति दिखाई है. सीआरपीएफ जवानों के ऊपर हुए हमले में शहीद हुए जवानों के बच्चों की शिक्षा का जिम्मा विरेंद्र सहवाग ने अपने कंधों पर उठा लिया है। वीरेंद्र सहवाग ने इस बात की जानकारी ट्वीट के माध्यम से दी।
सहवाग ने लिखा कि “हम उनके लिए जितना भी करें वो कम ही होगा। मैं उस घटना में शहीद हुए सीआरपीएफ के जवानों के बच्चों को अपने सहवाग इंटरनेशल स्कूल में मुफ्त शिक्षा की पेशकश करता हूं। उन्होंने लिखा कि अगर ऐसा होता है तो ये मेरा सौभाग्य होगा। सहवाग का ये कदम बेहद काबिलेतारीफ है और इसकी जितनी भी प्रशंसा की जाए वो कम है।
“इससे पहले सहवाग ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा था कि, ‘जम्मू-कश्मीर में सीआरपीएफ जवानों पर हुए इस कायराना हमले ने बहुत दर्द पहुंचाया है। इसमें हमारे वीर जवान शहीद हुए हैं। दर्द को बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं। उम्मीद करता हूं घायल जवान जल्दी ठीक होंगे।’
