
14 फरवरी के दिन जम्मू कश्मीर के पुलवामा शहर में हुए खौफनाक आतंकी हमले से पूरा देश सदमे में है. देश के कोने कोने से यह आवाज आ रही है कि अब बस बहुत हो गया, अब हमें कुछ करके दिखाना है. हमें इन आतंकियों का खात्मा करना है, और अपने शहीदों के एक एक बूंद खून का बदला लेना है.
लेकिन इस खौफनाक हमले से ना सिर्फ आम जनता बल्कि क्रिकेट जगत के कई बड़े बड़े खिलाड़ी भी सदमे में है. अपने ट्वीट के माध्यम से क्रिकेट जगत के कई बड़े बड़े खिलाड़ियों ने इस जघन्य कृत्य के खिलाफ अपना रोष प्रकट किया है और अपने शब्दों के माध्यम से अपने दिल की व्यथा व्यक्ति की है.
सचिन तेंदूलकर ने ट्वीट करके कहा कि, ‘कायरता, नीच और बेहूदा हरकत… मेरा दिल उन सभी परिवार वालों का दर्द महसूस कर सकता है, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया। मेरी दिल से प्रार्थना है कि जो घायल हैं, वे जल्दी ठीक हों। सेवा और वफादारी के प्रति आपकी प्रतिबद्धता को सलाम।’
विराट कोहली ने ट्वीट में कहा कि, ‘पुलवामा में हुए आंतकी हमले के बारे में सुनकर सदमा लगा है। हमले में शहीद हुए जवानों और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं हैं। प्रार्थना करता हूं घायल जवान जल्दी ठीक हो जाएं।’
वीरेंद्र सहवाग ने कहा कि, ‘जम्मू-कश्मीर में सीआरपीएफ जवानों पर हुए इस कायराना हमले ने बहुत दर्द पहुंचाया है। इसमें हमारे वीर जवान शहीद हुए हैं। दर्द को बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं। उम्मीद करता हूं घायल जवान जल्दी ठीक होंगे।’
रोहित शर्मा ने लिखा, ‘जो हुआ उससे हैरान और भयभीत हूं। जिस दिन हम सभी ने प्रेम दिवस (वैलेंटाइन-डे) मनाया, कुछ कायरों ने नफरत फैला दी। देश शहीद जवान और उनके परिवारों के साथ है और उनके लिए प्रार्थना करता है।
मोहम्मद कैफ ने लिखा, ‘सीआरपीएफ जवानों पर हुए आंतकी हमले के बारे में सुनकर गहरा दुख पहुंचा है। हमले में हमारे वीर जवान शहीद हुए हैं। प्रार्थना करता हूं कि यह कायराना हमला करने वालों को जल्दी सबक मिलेगा।
शिखर धवन ने लिखा, खबर सुनकर गहरा दुख पहुंचा है। पुलवामा में हुए आतंकी हमले की निंदा करता हूं। हमले में शहीद जवान और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं हैं।
वीवीएस लक्ष्मण ने ट्वीट किया कि, ‘पुलवामा में हमारे बहादुर सीआरपीएफ जवानों पर हुए नृशंस हमले के बारे में सुनकर दुख और पीड़ा हुई। इस हमले में हमारे कई वीर जवान शहीद हुए हैं। हमले में घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’
सुरेश रैना ने लिखा कि- जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों के बारे में सुनकर गहरा सदमा लगा है। शहीद जवानों के परिवार के साथ मेरी प्रार्थना और संवेदनाएं हैं।