
हार्दिक पांड्या ने मुंबई के लिए अंतिम मैच में एक बार फिर से धमाकेदार प्रदर्शन किया है। आॅलराउंडर के रूप में पांड्या का प्रदर्शन निखरता ही जा रहा है। ऐसे में मुंबई इंडियंस के कप्तान और भारत के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा भी खुद को हार्दिक पांड्या की तारीफ करने से नहीं रोक पाये हैं। हालांकि रोहित ने पांड्या की तारीफ बड़े ही अलग तरीके से की है।

रोहित शर्मा ने कहा है कि पांड्या के इस तरह के धमाकेदार प्रदर्शन करने के पीछे एक बहुत बड़ी वजह है। वह यह है कि वे कभी भी खुद को दूसरों के सामने बढ़िया साबित करने के लिए नहीं खेलते हैं। वे तो खुद की नजरों में खुद को साबित करने के लिए खेल रहे हैं। यही वजह है कि वे मैच-दर-मैच जबर्दस्त प्रदर्शन कर रहे हैं। बेंगलुरु के खिलाफ जिस तरह से 16 गेंदों पर नाबाद 37 रन बनाकर मुंबई को जीत की दहलीज तक ले गये, वह दिखाता है कि आईपीएल में ज्यादा समय नहीं मिलने के बावजूद वे किस तरह से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए ललायित हैं।

गौरतलब है कि हार्दिक पांड्या का चयन विश्व कप के लिए भारतीय टीम में भी हो गया है। आॅलराउंडर के रूप में चयनकर्ताओं ने उनकी क्षमता पर भरोसा जताया है। पांड्या से देश को भी बड़ी उम्मीदें हैं कि वे विश्व कप में इस बार ऐसा प्रदर्शन करें कि देश एक बार फिर से विश्व कप जीतकर ले ही आये।
