
बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में बीते बुधवार को खेले गए आईपीएल मुकाबले में एबी डिविलियर्स का बल्ला खूब चला। उनके 44 गेंदों पर 82 रनों की मदद से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु किंग्स इलेवन पंजाब को 17 रन से हराने में कामयाब रहा। डिविलियर्स का बल्ला इस दौरान गरजता रहा। इस पारी में उन्होंने तीन चौके और 7 छक्के लगाए।
एक वक्त ऐसा भी था जब डिविलियर्स बहुत ही संभल कर बल्लेबाजी कर रहे थे। उनके 25 गेंदों पर 25 रन बने थे, लेकिन इसके बाद उनका बल्ला खुल गया तो इसने रुकने का नाम ही नहीं लिया। डिविलियर्स ने 36 गेंदों में अपना अर्धशतक भी पूरा कर लिया। 19वें ओवर में उन्होंने एक हाथ से एक ऐसा शॉट मारा जो कि स्टेडियम को पार कर गया।

मोहम्मद शमी 19वां ओवर डाल रहे थे। पहली दो गेंदों पर एबी डिविलियर्स चूक गए और कोई रन नहीं बना सके। अब इसकी भरपाई करनी जरूरी थी। ऐसे में उन्होंने तीसरी गेंद पर छक्का जड़ दिया। इसके बाद चौथी गेंद को भी उन्होंने सीमा रेखा से पार पहुंचाया। पांचवी गेंद मोहम्मद शमी ने बीमर डाल दी। यह गेंद बेहद खतरनाक थी, लेकिन इसे एक हाथ से ही डिविलियर्स ने छक्के के लिए भेज दिया।

यह एक बहुत लंबा छक्का था। इसकी लंबाई 95 मीटर की थी। गेंद स्टेडियम की छत पर पहुंच गई थी। ऐसे में मैच को जारी रखने के लिए नई गेंद भी मंगानी पड़ी। इस तरह से एबी डिविलियर्स की धुआंधार पारी की बदौलत बेंगलुरु 4 विकेट पर 202 रन बना पाने में कामयाब हो गया। बाद में यह बड़ा स्कोर बहुत काम आया और टीम को इस वजह से जीत भी मिल गयी।


