कोविड-19 महामारी की रोकथाम के लिए भारत में इस समय लॉकडाउन घोषित है। कोरोनावायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से घरों में रहने की अपील की है। पीएम के इस आह्वान का लोग सख्ती से पालन भी कर रहे हैं।
इसी बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई में लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से एक नया वीडियो बनाया है जिसकी तारीफ खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी की है। ‘टीम मास्क फोर्स’ वीडियो सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनने के लिए जागरूकता पैदा करने के लिए बनाई गई है, जिसमें टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली और दिग्गज सचिन तेंदुलकर जैसे क्रिकेटर नजर आ रहे हैं
बीसीसीआई ने ट्वीट किया, ‘टीम इंडिया अब टीम मास्क फोर्स है। ‘इंडिया फाइट कोरोना’ से जुड़ें और केंद्र सरकार का सेतु आरोग्य मोबाइल एैप डाउनलोड करें।’ भारतीय टीम की इस पहल की तारीफ पीएम मोदी ने भी की। उन्होंने बीसीसीआई के ट्वीट को ‘रिट्वीट’ करते हुए लिखा, ‘आज का सबसे जरूरी टास्क (कार्य)…टीम मास्क फोर्स का हिस्सा बनें। छोटा लेकिन यह सबसे जरूरी बचाव हमें सुरक्षित रख सकता है। इसके बारे में जगरुकता फैलाने की जरूरत है।
भारतीय कप्तान कोहली ने वीडियो में कहा ,’भारतीय टीम का सदस्य होना फ़क्र की बात है लेकिन हम आज एक बड़ी टीम ‘टीम मास्क फोर्स’ बना रहे हैं।’
तेंदुलकर ने कहा, ‘कम ऑन इंडिया, मास्क बनाइए और मास्क फोर्स का हिस्सा बनिए। 20 सेकंड तक हाथ धोइए और सामाजिक दूरी यानि social distancing बनाये रखिए।’ रोहित शर्मा ने कहा, ‘मास्क फोर्स का हिस्सा बनना आसान है। घर पर बैठकर मास्क बनाइए, जैसे मैने अपने लिए बनाया है।’
इस वीडियो में बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली, स्मृति मंधाना, हरभजन सिंह, हरमनप्रीत कौर, वीरेंद्र सहवाग, राहुल द्रविड़ और मिताली राज के भी संदेश हैं।


