
बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में रविवार को रात आठ बजे से इस आईपीएल में अंक तालिका में शीर्ष और अंतिम स्थान पर काबिज दो टीमों चेन्नई सुपर किंग्स और राॅयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबला होगा। पांच साल हो गये हैं, मगर अब तक बेंगलुरु चेन्नई के खिलाफ एक जीत के लिए तरस रहा है। अंतिम बार धोनी के घर रांची में 18 मई, 2014 को बेंगलुरु ने चेन्नई को पटखनी दी थी।

बेंगलुरु की टीम इस टूर्नामेंट में सबसे पीछे जरूर चल रही है और प्ले आॅफ में पहुंचने के लिए उसे हर मैच को अपने नाम करना जरूरी है, लेकिन इस सच्चाई से इनकार नहीं किया जा सकता कि विराट कोहली ने जिस तरह से पिछले मैच में शानदार शतक लगाया है और मोईन अली ने गेंदबाजों ने धोया है, उसे देखते हुए बेंगलुरु को कम आंकने की भूल चेन्नई बिल्कुल भी नहीं करने वाली।
ऊपर से पिछले मैच में सनराजइर्स हैदराबाद से मात खाने के बाद जहां चेन्नई का मनोबल थोड़ा कम हुआ है, वहीं पिछले में कोलकाता को धोने के बाद बेंगलुरु का मनोबल बढ़ा हुआ है।
चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिह धोनी चोटिल होने की वजह से पिछला मैच नहीं खेल पाये थे। उम्मीद जताई जा रही है कि इस मैच में वे खेलने के लिए फिट हो जाएंगे। इस तरह से भारतीय क्रिकेट टीम के वर्तमान कप्तान और पूर्व कप्तान अपनी-अपनी टीमों के साथ टकराने के लिए एक-दूसरे के सामने मैदान में होंगे।

चेन्नई को धोनी के अलावा शेन वाॅटसन, केदार जाधव, सुरेश रैना और रविंद्र जडेजा से भी बड़ी उम्मीदें होंगी। प्लेसिस ने भी खासा प्रभावित किया है। दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर और हरभजन सिंह गेंदबाजी की कमान संभालते हुए नजर आयेंगे। बेंगलुरु को कोहली, डेविलियर्स के अलावा मोईन अली, स्टोइनिस, पार्थिव पटेल और हेटमेयर से भी बड़ी उम्मीदें होंगी। नवदीप सैनी तेज गेंदबाजी में खूब प्रभावित करते हुए दिख रहे हैं।