
मुंबई इंडियंस ने जब दिल्ली को उसके घर यानी कि कोटला में गुरुवार को मात दे दी तो इसके बाद रोहित शर्मा के चेहरे पर फैली मुस्कान देखने लायक थी। उन्होंने इसके बाद एक गेंदबाज की जमकर तारीफ की। ये गेंदबाज हैं मुंबई के स्पिनर राहुल चाहर, जिन्होंने लाजवाब गेंदबाजी की और अपनी घूमती गेंद के आगे बल्लेबाजों को खूब नचाया। साथ ही बहुत हद तक वे रनों पर अंकुश लगाने में भी कामयाब रहे।
उनकी तारीफ में रोहित ने कहा कि चाहर की खासियत है कि उनके पास टीम के लिए एक खास रणनीति होती है, जिसके तहत वे गेंदबाजी करते हैं और उसमें सफल भी होते हैं। जिस तरह से वे अपनी रणनीति को लागू करने में सफल होते हैं, यह उनके एक अच्छे खिलाड़ी होने की ओर इशारा करता है।

मुंबई इंडियंस के कप्तान ने कहा कि चाहर विशेषकर बाएं हाथ के बल्लेबाजों को खासा परेशानी में डाल देते हैं। आने वाले मैचों में भी वे टीम के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकते हैं। राहुल का आत्मविश्वास भी देखने लायक है। बता दें कि मुंबई की टीम इस जीत के बाद अंक तालिका में अब दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। उसका अगला मुकाबला शनिवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान राॅयल्स के खिलाफ है।