
विश्व कप के लिए भारतीय खिलाड़ियों का चयन हो जाने के बाद रवि शास्त्री जो कि भारत के कोच हैं, उन्होंने एक ऐसा बयान दे दिया है जिसके बाद फिर से एक नई बहस शुरू हो सकती है। उन्होंने कहा है कि 15 खिलाड़ियों का चयन इसके लिए किया गया है, लेकिन वह चाहते थे कि 16 सदस्यों की टीम विश्व कप खेलने के लिए जाए।

शास्त्री ने कहा कि यदि 16 सदस्यों की टीम चुनी जाती तो यह ज्यादा अच्छा होता, क्योंकि यह एक लंबा टूर्नामेंट है, लेकिन इसे दुर्भाग्य ही कहेंगे कि आदेश 15 खिलाड़ियों का ही है। भारतीय टीम के कोच के मुताबिक यदि आप 16 की जगह 15 सदस्यों की टीम चुनते हैं, तो जाहिर सी बात है कि किसी को मौका नहीं मिलेगा। ऐसे में वे उन खिलाड़ियों से जिनका चयन नहीं हो पाया है कहना चाहेंगे कि उन्हें निराश नहीं होना चाहिए। यह एक अजीब तरह का खेल है। इसमें कभी किसी को चोट भी लग सकती है। ऐसे में कब किसे कहां मौका मिल जाए कुछ कहा नहीं जा सकता। इसलिए बेहतर होगा की उम्मीद बनाए रखें।

चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के बारे में कोहली के रायुडू के दौड़ में आगे रहने वाले बयान के संदर्भ में पूछे जाने पर शास्त्री ने कहा कि यह स्थान बेहद लचीला होता है। इसके बारे में निश्चित रूप से कुछ भी नहीं कहा जा सकता। इसके लिए काफी प्रतिद्वंद्विता देखी जाती है। ऐसे में जिसका प्रदर्शन ज्यादा अच्छा रहा हो उसे मौका मिल जाता है।
इसके अलावा शास्त्री ने यह भी कहा कि यह कहना गलत होगा कि भारतीय टीम पूरी तरीके से विराट कोहली पर निर्भर करती है। पिछले 5 वर्षों का रिकॉर्ड बिल्कुल भी इसकी पुष्टि नहीं करता है। टीम के सभी खिलाड़ी बढ़िया प्रदर्शन करने की काबिलियत रखते हैं।