
लगातार 6 हार के बाद आईपीएल-2019 में आखिरकार भारतीय कप्तान विराट कोहली की कप्तानी में राॅयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शनिवार को चंडीगढ़ में जीत का स्वाद रखा और किंग्स इलेवन पंजाब को टीम 7 विकेट से मात देने में कामयाब रही। बेंगलुरु की जीत में कप्तान कोहली और एबी डिविलियर्स के अर्धशतकों को महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पंजाब ने 4 विकेट खोकर बेंगलुरु को 174 रनों का लक्ष्य दिया, जिसे बेंगलुरु की टीम ने 4 गेंदें शेष रहते 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। टाॅस हारकर पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरी पंजाब की टीम को सलामी बल्लेबाजों केएल राहुल और क्रिस गेल ने धमाकेदार शुरुआत दी। राहुल फिर से अच्छे लय में दिखे, लेकिन वे 18 रन बनाकर चहल की गेंद पर पार्थिव पटेल द्वारा स्टंप आउट कर दिये गये। इसके बाद गेल ने मयंक अग्रवाल के साथ मिलकर रन बनाना जारी रखा, मगर मयंक को चहल ने क्लीन बोल्ड कर दिया। मयंक के 15 रन बनाकर पैवेलियन लौटने के बाद खान ने गेल के साथ साझेदारी निभाई, लेकिन उन्हें सिराज ने चलता कर दिया। उन्होंने भी 15 रनों का योगदान दिया।
इसके बाद बल्लेबाजी करने आये सैम कुरेन को अली ने टिकने नहीं दिया और वे केवल एक बनाकर ही आउट हो गये। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे मंदीप सिंह ने धैर्य के साथ बल्लेबाजी करते हुए गेल का साथ दिया, जिसकी वजह से पंजाब की टीम 173 रनों के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही। गेल 64 गेंदों पर 99 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें 5 छक्के और 10 चैके शामिल थे।
जवाब में बल्लेबाजी करने के लिए उतरी बेंगलुरु की टीम को सलामी बल्लेबाजों पार्थिव पटेल और कप्तान विराट कोहली ने अच्छी शुरुआत दी, लेकिन पटेल एम अश्विन की गेंद पर मयंक को कैच थमाकर अपना विकेट गंवा बैठे। उन्होंने 9 गेंदों पर 19 रन बनाये। इसके बाद डेविलियर्स और कोहली ने शानदार साझेदारी निभाई और एक वक्त ऐसा लगने लगा था कि कोहली डेविलियर्स के साथ मिलकर टीम को जीत की दहलीज तक ले जाएंगे, मगर शमी की गेंद पर छक्का लगाने के प्रयास में कोहली एम अश्विन को कैच थमाकर पैवेलियन लौट गये। उन्होंने 53 गेंदों का सामना करते हुए 67 रनों का योगदान दिया।

इसके बाद आये स्टोइनिस ने डिविलियर्स के साथ मिलकर पंजाब के गेंदबाजों को धो डाला और अपनी टीम को आईपीएल के इस सत्र में पहली जीत दिलाकर सूखा खत्म कर डाला। डेविलियर्स 38 गेंदों पर 59 और स्टोइनिस 16 गेंदों पर 28 रन बनाकर नाबाद रहे।