भारतीय महिला ‘ए’ क्रिकेट टीम में हिमाचल की एक और बेटी का चयन हो गया है। शिमला की रहने वाली तनुजा कंवर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अभ्यास मैच में भारतीय महिला ‘ए’ टीम से खेलती नजर आएंगी।
ये मैच 6 से 8 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जाएगा। इन मैचों में कप्तानी भारतीय महिला टीम की स्टार खिलाड़ी मिथाली राज करेंगी। भारतीय “ए” टीम में तनुजा का चयन तेज गेंदबाज के तौर पर हुआ है।

19 वर्षीय तनुजा हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन अकादमी धर्मशाला में अभ्यास कर रही है। तनुजा 2013 से हिमाचल महिला क्रिकेट टीम की सदस्य हैं।
इससे पहले शिमला की सुषमा वर्मा भारतीय टीम में बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज खेल रही हैं। हिमाचल की एक और बेटी अब नीली जर्सी में नजर आएगी।
तनुजा कंवर 2017-18 में सीनियर महिला टी-20 मैचों की सीरीज में सात विकेट लेने वाली खिलाड़ी रहीं। उन्होंने 2016-17 सीनियर वन-डे सीरीज में 17 विकेट, जबकि अंडर-23 मैचों की सीरीज में15 विकेट लिए।